कालाअंब की फार्मा यूनिट में मिलीं खामियों के बाद दवा उत्पादन पर रोक लगा दी गई है।
डीसीए ने साफ कर दिया है—कमियां दूर होने और दोबारा संयुक्त जांच में संतोषजनक अनुपालन मिलने तक यहां दवाओं का निर्माण नहीं होगा।
कालाअंब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश ड्रग्स कंट्रोल प्रशासन (डीसीए) ने औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद में स्थित फार्मास्युटिकल इकाई के दवा उत्पादन पर रोक लगा दी है। यह कार्रवाई केंद्र और राज्य के ड्रग नियामक अधिकारियों की संयुक्त टीम के निरीक्षण के बाद की गई है।
संयुक्त अनुपालन सत्यापन के दौरान सामने आया कि पूर्व निरीक्षण में चिन्हित की गई कुछ कमियां अब तक पूरी तरह दूर नहीं की गई थीं। इसके बाद अधिकारियों ने इकाई में चल रही दवा निर्माण प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था और निर्धारित मानकों के अनुपालन का विस्तृत आकलन किया।
ड्रग कंट्रोलर विभाग के अधिकारी रजत कुमार के अनुसार, फर्म की ओर से कमियां दूर करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा गया था। हालांकि, मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने फिलहाल उत्पादन जारी रखने की अनुमति नहीं दी।
डीसीए ने निर्देश दिए हैं कि जब तक सभी कमियों का संतोषजनक तरीके से अनुपालन नहीं किया जाता, तब तक इकाई में दवा निर्माण शुरू नहीं किया जाएगा।
फर्म की ओर से अनुपालन पूरा किए जाने के बाद राज्य और केंद्र के नियामक अधिकारी दोबारा संयुक्त निरीक्षण करेंगे। इस सत्यापन में कमियों के निवारण और गुणवत्ता मानकों के पालन की स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके बाद ही उत्पादन दोबारा शुरू करने की अनुमति देने पर फैसला होगा।
प्रदेश सरकार दवा निर्माण इकाइयों में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और संबंधित नियमों के पालन को लेकर सख्त रुख अपना रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवा की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

