संगड़ाह में चार वर्षीय बच्ची आर्या की तलाश चौथे दिन भी बेनतीजा रही। 12 किलोमीटर तक खड्ड, जंगल और आसपास के इलाकों को खंगालने के बाद भी बुधवार को बच्ची का कोई पता नहीं चल सका।
संगड़ाह (सिरमौर)। सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह की ग्राम पंचायत लाना चेता के गांव देवना से रविवार शाम लापता हुई चार वर्षीय आर्या की तलाश में बुधवार को भी व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। एनडीआरएफ, पुलिस और ग्रामीणों ने घर के समीप स्थित खड्ड के शुरुआती हिस्से से लेकर करीब 12 किलोमीटर दूर तक संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया।
कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान खड्ड, जंगल और आसपास के संभावित स्थानों को बारीकी से खंगाला गया, लेकिन दोपहर तक बच्ची के संबंध में कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम वापस रेणुका लौट गई।
जानकारी के अनुसार, आर्या पुत्री विपिन कुमार रविवार शाम करीब चार बजे घर के आंगन से अचानक लापता हो गई थी। बच्ची के गायब होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसी दिन से आसपास के जंगल व खड्ड में उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
मंगलवार से पुलिस और एनडीआरएफ की टीम भी अभियान में शामिल हुई और क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में सघन तलाशी ली गई। लगातार चार दिनों की कोशिशों के बावजूद बच्ची का पता नहीं चलने से परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
अब ग्रामीण अपने स्तर पर बच्ची की तलाश जारी रखेंगे। गांव में लोग आर्या के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं और उसके जल्द घर लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं।
