Home क्राइम शिमला में होटल कारोबारी के घर करोड़ों की चोरी, नौकरानी ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर रची साजिश!

शिमला में होटल कारोबारी के घर करोड़ों की चोरी, नौकरानी ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर रची साजिश!

by Dainik Janvarta
0 comment

शिमला में करोड़ों की चोरी ने मचाया हड़कंप, घर की नौकरानी पर गंभीर शक

खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर मालकिन को किया बेहोश, फिर साथियों के साथ उड़ाए गहने और नकदी

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक हाई-प्रोफाइल चोरी की वारदात सामने आई है। फिंगास्क एस्टेट स्थित होटल कारोबारी रेणु बालजीज के निजी आवास से कथित तौर पर करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी हो गई। पुलिस को शक है कि इस वारदात में घर में काम करने वाली नौकरानी की अहम भूमिका है, जो घटना के बाद से फरार है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर शाम रेणु बालजीज घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान नौकरानी ने उनके लिए खाना तैयार किया। आरोप है कि खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया गया, जिसे खाने के बाद वह बेहोश हो गईं।

मालकिन के बेहोश होने के बाद घर की अलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान और नकदी निकाल ली गई। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में तीन युवकों ने भी नौकरानी का साथ दिया। चोरी के बाद सभी आरोपी कथित तौर पर देर रात घर से फरार हो गए।

मंगलवार सुबह जब रेणु बालजीज को होश आया तो उन्होंने बेडरूम की अलमारियों का सामान अस्त-व्यस्त देखा। जांच करने पर कई कीमती गहने और नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने परिवार और कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी।

शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली है, जिसके आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

रेणु बालजीज के मुताबिक, चोरी हुए सामान में कई पुश्तैनी गहने भी शामिल हैं। इनमें सोने-चांदी की चूड़ियां, चेन, अंगूठियां और अन्य आभूषण बताए गए हैं। घर से काफी मात्रा में नकदी भी गायब हुई है। शिकायत के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

एएसपी गौरवजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। नौकरानी और उसके संभावित साथियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और नाकेबंदी भी की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे और चोरी के बाद आरोपी किस दिशा में फरार हुए।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.