Sirmaur Landslide: बांगरण धार खदान हादसे में एक मजदूर का शव पहले हुआ बरामद, दो नेपाली मजदूरों के भी देर शाम हुए बरामद
पांवटा साहिब (सिरमौर)। कफोटा में खदान हादसे के दूसरे दिन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक मजदूर का शव बरामद पहले हुआ व अन्य दो शव देर शाम बरामद कर लिए गए। बुधवार को दिनभर युद्ध स्तर पर मलबा हटाने का काम चलता रहा। हालांकि, मलबा हटाने में जुटी मशीनरी को भारी दिक्क़तों का सामना करना पड़ा।
कफोटा उपमंडल के बागनाधार स्थित खनन क्षेत्र में मंगलवार को चूना पत्थर की खान में अचानक भूस्खलन हो गया था। पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसकने से तीन लोग मलबे की चपेट में आकर दब गए थे। हादसे के बाद से प्रशासन और बचाव दल लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए थे।
DC प्रियंका वर्मा ने घटनास्थल का दौरा किया
बुधवार को जिला उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने घटनास्थल का दौरा कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बचाव अभियान में जुटी टीमों से जानकारी ली और मलबे में दबे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने के लिए चल रहे प्रयासों की समीक्षा की।
प्रशासन की निगरानी में बुधवार को पूरे दिन मलबा हटाने का काम युद्ध स्तर पर जारी रहा। घटनास्थल पर लगातार सावधानी के साथ मलबा हटाकर दबे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया गया।
तीन शव बरामद
रेस्क्यू अभियान के दौरान एक व्यक्ति का शव मलबे से पहले बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान अनिल कुमार, निवासी बड़वास, सिरमौर के रूप में हुई।
अनिल कुमार उन तीन लोगों में शामिल था, जो मंगलवार को हुए भूस्खलन के बाद मलबे में दब गए थे। शव बरामद होने के बाद प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भिजवाया गया।
दो नेपाली मजदूरों की रही तलाश जारी
हादसे में दबे दो अन्य मजदूर नेपाली मूल के बताए गए। दोनों की तलाश के लिए बचाव दल लगातार मलबा हटाने में जुटा रहा। घटनास्थल पर स्लाइडिंग का खतरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को बेहद सावधानी के साथ अभियान चलाना पड़ा और देर शाम राहत व बचाव टीमों को दो शव बरामद करने में सफलता मिली।
इस त्रासदी में काल का ग्रास बने तीन लोगों के शव मिलने के बाद माहौल गमगीन हो गया। 10 घंटे पुलिस, NDRF और स्थानीय लोगों के चलाए रेस्क्यू के दौरान शाम को नेपाली मजदूर धन सिंह (55) निवासी नगरपालिका बेदकोट, जिला कंचनपुर, नेपाल का शव भी बरामद कर लिया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान क्षेत्र में घनी बरसाती धुंध ने थोड़े समय के लिए रेस्क्यू कार्य में खलल डाला। अंधेरा होने और रेस्क्यू रोकने से ठीक पहले टीमों ने तीसरा शव भी बरामद कर लिया। मृतक की पहचान नेपाली मूल के गजेंद्र सिंह (50-55) के तौर पर हुई है।
