हिमाचल में कर्मचारियों-पेंशनरों को एरियर की बड़ी राहत, 1 सितंबर को खाते में आएगी राशि
शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी राहत की खबर है—सितंबर की शुरुआत में वेतन-पेंशन के साथ एरियर की राशि भी जारी होगी।
ग्रुप-डी कर्मचारियों को 20 हजार रुपये नकद और पेंशनरों को 15 से 35 फीसदी की अतिरिक्त एरियर किस्त मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने वेतनमान संशोधन और पेंशन बकाया राशि के भुगतान को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। सरकार के निर्देशों के अनुसार नियमित ग्रुप-डी कर्मचारियों को 1 जनवरी 2016 से प्रभावी संशोधित वेतनमान के कारण लंबित बकाया राशि का भुगतान किया जाएगा।
इसके तहत अगस्त 2026 के वेतन के साथ ग्रुप-डी कर्मचारियों को 20,000 रुपये नकद दिए जाएंगे। अगस्त का वेतन 1 सितंबर को जारी होना है, इसलिए यह राशि भी इसी भुगतान के साथ मिलने की उम्मीद है।
पेंशनरों को भी एरियर की किस्त
वित्त (पेंशन) विभाग की ओर से 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के पेंशन एरियर को लेकर भी अधिसूचना जारी की गई है। इसके अनुसार तृतीय श्रेणी के पेंशनरों को 35 फीसदी बकाया जारी किया जाएगा। यह भुगतान 40,000 रुपये तक की मूल पेंशन के आधार पर लागू होगा।
वहीं, प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पेंशनरों को 15 फीसदी एरियर दिया जाएगा। इस नई किस्त के बाद तृतीय श्रेणी के पेंशनरों का कुल संचयी एरियर 55 फीसदी, जबकि प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पेंशनरों का कुल संचयी एरियर 35 फीसदी हो जाएगा।
अगस्त तक भुगतान के निर्देश
सरकार ने पेंशन संवितरण अधिकारियों को अगस्त 2026 तक संबंधित राशि वितरित करने के निर्देश दिए हैं। यह भुगतान हिमाचल प्रदेश सिविल सेवा (संशोधित वेतन) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत किया जा रहा है।
सरकार की ओर से जारी यह आदेश पहले जारी किए गए विभागीय पत्रों के क्रम में है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 अगस्त को कर्मचारियों और पेंशनरों से संबंधित इन दोनों राहतों की घोषणा की थी। अब वित्त विभाग की अधिसूचना जारी होने के बाद इन घोषणाओं को लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।
