Sirmaur Landslide: बांगरण धार खदान हादसे में एक मजदूर का शव बरामद, दो नेपाली मजदूरों की तलाश जारी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। कफोटा में खदान हादसे के दूसरे दिन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक मजदूर का शव बरामद हुआ है। बुधवार को दिनभर युद्ध स्तर पर मलबा हटाने का काम चलता रहा, जबकि दो अन्य नेपाली मूल के मजदूर अब भी मलबे में दबे बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।
कफोटा उपमंडल के बागनाधार स्थित खनन क्षेत्र में मंगलवार को चूना पत्थर की खान में अचानक भूस्खलन हो गया था। पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसकने से तीन लोग मलबे की चपेट में आकर दब गए थे। हादसे के बाद से प्रशासन और बचाव दल लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
DC प्रियंका वर्मा ने घटनास्थल का दौरा किया
बुधवार को जिला उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने घटनास्थल का दौरा कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बचाव अभियान में जुटी टीमों से जानकारी ली और मलबे में दबे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने के लिए चल रहे प्रयासों की समीक्षा की।
प्रशासन की निगरानी में बुधवार को पूरे दिन मलबा हटाने का काम युद्ध स्तर पर जारी रहा। घटनास्थल पर लगातार सावधानी के साथ मलबा हटाकर दबे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
तीन में से एक का शव बरामद
रेस्क्यू अभियान के दौरान एक व्यक्ति का शव मलबे से बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान अनिल कुमार, निवासी बड़वास, सिरमौर के रूप में हुई है।
अनिल कुमार उन तीन लोगों में शामिल था, जो मंगलवार को हुए भूस्खलन के बाद मलबे में दब गए थे। शव बरामद होने के बाद प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब भिजवाया गया है।
दो नेपाली मजदूरों की तलाश जारी
हादसे में दबे दो अन्य मजदूर नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं। दोनों की तलाश के लिए बचाव दल लगातार मलबा हटाने में जुटा हुआ है। घटनास्थल पर स्लाइडिंग का खतरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को बेहद सावधानी के साथ अभियान चलाना पड़ रहा है।
प्रशासन की प्राथमिकता अब दोनों लापता मजदूरों तक जल्द पहुंचना और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है। मौके पर राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
