हिमाचल में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, सीएम सुक्खू ने लोगों से सतर्क रहने की अपील
शिमला। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है और कई क्षेत्रों में मौसम की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। किन्नौर से लेकर ऊना, कांगड़ा, सोलन, हमीरपुर, चंबा और मंडी तक लगातार बारिश के बीच प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे में प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार सहायता और राहत कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन तथा मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विशेष रूप से नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशासन को भी निर्देश दिए हैं कि बारिश से उत्पन्न किसी भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाएं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें और अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
