कोटड़ी ब्यास स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया, प्रज्ञा हाउस ने जीती विजेता ट्रॉफी
नाहन (सिरमौर)। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी ब्यास में देशभक्ति का जोश देखने को मिला। नशा निवारण की स्क्रिप्ट, योगा शो और देशभक्ति नृत्य के साथ खेल प्रतियोगिताओं ने समारोह में उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य रघुवीर तोमर द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट किया, जबकि विद्यालय स्टाफ ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की।
विद्यालय स्टाफ सचिव शशि गुप्ता ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें नशा निवारण पर आधारित स्क्रिप्ट, योगा शो और देशभक्ति नृत्य प्रमुख आकर्षण रहे। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और समाज को नशे से दूर रहने का सकारात्मक संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की कोऑर्डिनेटर ज्योति चौधरी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। इनमें रस्साकशी, चम्मच रेस, सैक रेस और बोतल रेस शामिल रहीं। विद्यालय के चारों हाउस ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कड़े मुकाबले के बाद प्रज्ञा हाउस ने ओवरऑल प्रथम स्थान हासिल कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिताओं में विद्यालय के शारीरिक शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय के एचटी और उप-प्रधानाचार्य रघुवीर तोमर ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतियोगिताओं को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाया।
इस अवसर पर पीईटी धर्मेंद्र चौधरी सहित स्टाफ सदस्य राकेश, ओमप्रकाश, सुशील शर्मा, लता, किरण कपूर, उर्मिला शर्मा, सुष्मिता बलदेव, एसएमसी सदस्य और विद्यालय के विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन, खेल भावना और सामाजिक जागरूकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
