कुल्लू में मिड-डे मील की खीर खाने के बाद 35 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
कुल्लू। राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाड़ी में मंगलवार को मिड-डे मील के बाद अचानक बच्चों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। खीर खाने के कुछ घंटे बाद करीब 35 बच्चों को उल्टियां और चक्कर आने लगे, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार स्कूल में मंगलवार को मिड-डे मील के तहत बच्चों को खीर परोसी गई थी। दोपहर करीब चार बजे छुट्टी के बाद जब बच्चे घर पहुंचे तो कई बच्चों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। कुछ बच्चे स्कूल से निकलने के बाद ही चक्कर खाकर गिर पड़े। इसके बाद परिजनों में भी चिंता फैल गई।
बीमार हुए अधिकतर बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतलीकूहल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। प्रभावित बच्चों में जैंडी, बाड़ी, बशकोला, रंखड़ू और बाजगाड़ी सहित आसपास के गांवों के बच्चे शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान कमलकांत और उपप्रधान ललित मौके पर पहुंचे और बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की जानकारी मिलने पर उनके परिजन भी सीएचसी पतलीकूहल पहुंच गए।
सीएचसी पतलीकूहल में बच्चों का उपचार कर रहे डॉ. मोहित शर्मा के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है। चिकित्सकों ने दूषित पानी को भी संभावित कारण माना है। हालांकि बच्चों की तबीयत खराब होने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बच्चों के परिजनों रामचंद, मुकेश कुमार, ईशांत, देवराज, हीरा लाल, मेहर चंद और सुनील ने घटना पर चिंता जताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। बीएमओ डॉ. नलने कर्ण ने बताया कि बच्चों का उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
फिलहाल बच्चों की हालत पर नजर रखी जा रही है और बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
