Advertisement

हिमाचल की बसों को पंजाब में मिलेगी सुरक्षा, सीएम सुक्खू और भगवंत मान के बीच हुई बातचीत

पंजाब में हिमाचल की बसों की सुरक्षा तय, भगवंत मान ने सुक्खू को दिलाया भरोसा, उपद्रवियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

खबर विस्तार

शिमला, 19 मार्च : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आश्वस्त किया है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों को पंजाब में पूरी सुरक्षा मिलेगी। इस संबंध में मुख्यमंत्री सुक्खू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से फोन पर बातचीत की। भगवंत मान ने बसों पर पथराव और अशांति फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस बात की जानकारी हिमाचल विधानसभा में दी। उन्होंने कहा, “पंजाब हमारा बड़ा भाई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में हिमाचल की बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का वादा किया है। साथ ही, दोनों राज्यों के डीजीपी स्तर पर भी इस मामले में वार्ता होगी।”

💥 सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार सतर्क 💥
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल सरकार अपने नागरिकों और एचआरटीसी बसों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं।

उन्होंने कहा, “हम सभी धार्मिक गुरुओं का सम्मान करते हैं, लेकिन किसी भी प्रकार से माहौल खराब करना अनुचित है। कानून को अपने हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

💥पंजाब सरकार का आश्वासन💥
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने हिमाचल सरकार को भरोसा दिलाया कि हिमाचल की बसों को कोई नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

💥डीजीपी स्तर पर होगी बैठक💥
दोनों राज्यों के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) स्तर पर भी बैठक होगी, जिसमें सुरक्षा उपायों पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में संभावित घटनाओं को रोकने और शांति बनाए रखने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।