दैनिक जनवार्ता
कांगड़ा। जिला कांगड़ा की नूरपुर पुलिस ने अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को दबोचने में सफलता हासिल की है। जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। इनके गिरोह ने मछोट के रहने वाले एक युवक को वीडियो कॉल करके उसका अश्लील वीडियो बनाया था और सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी दी थी। बहरहाल, उक्त युवक ने आरोपियों के खाते में 11 हजार की रकम भी भेजी थी लेकिन आरोपी और रकम की मांग कर रहे थे। लिहाजा, युवक ने प्रताड़ित होने के कारण आत्महत्या कर ली थी। इससे पूर्व मृतक ने अपने चाचा को व्हाट्सअप पर सन्देश भेजकर आत्महत्या का कारण बताया था। इसी के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और अंततः दो आरोपियों तक पहुँच कर उन्हें गिरफ्तार करने में सफल हुई। जवाली के डीएसपी वीर सिंह ने बताया कि पहली जनवरी को मछोट के युवक के आत्महत्या मामले में राजस्थान से दो आरोपियों को दबोचा गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायलय के समक्ष पेश करने के बाद पूछताछ करके बाकी गिरोह के सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
Kangra : अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह के दो सदस्य चढ़े पुलिस के हत्थे, राजस्थान से किया गया गिरफ्तार
