Advertisement

Haryana News : महेंद्रगढ़ जिले में निजी स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त, 6 बच्चों की दुखद मौत

निजी स्कूल बस पलटी, हादसे में 6 बच्चों की मौत

दैनिक जनवार्ता
दिल्ली। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा पेश आया है। गुरुवार सुबह एक निजी स्कूल बस अनियंत्रित हो कर पलट गई। हादसे में 6 बच्चो की मौत होने की दुखद खबर है। जबकि एक दर्जन से ज्यादा बच्चों के घायल होने की सूचना है। ये हादसा कनीना के नजदीक कनीना – दादरी सड़क मार्ग पर हुआ है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों का कहना है कि बस चालक नशे की हालत में था। जानकारी के अनुसार हादसे के बाद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने घटनास्थल पर पहुंच कर बचाव कार्य शुरू किया। इस हादसे में पांच बच्चों की मौत हो चुकी थी और एक बच्चे की हालत गंभीर थी, जिसने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने बच्चों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में स्कूल बस दुर्घटना में अनेक मासूम बच्चों की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता एवं परिजनों को यह क्रूर आघात सहने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायल हुए बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।