दैनिक जनवार्ता
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ में एक दुकान में चोरी मामले में नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार एक आरोपी शुक्रवार दोपहर बाद राजगढ़ में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होते ही पुलिस के हाथ पांव फूल गए, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को 6 घंटे बाद 10 किलोमीटर दूर जंगल से दबोच लिया गया।
बता दें कि राजगढ़ पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से 2 दिन पहले ही राजगढ़ में हुई मोबाइल चोरी मामले में नेपाल मूल के चार आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की थी। शुक्रवार दोपहर बाद जब आरोपियों को चोरी किए सामान की शिनाख्त के लिए दुकान ले जाया जा रहा था तो इसी बीच आरोपी जनकराज पुलिस जवानों को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गया।
आरोपी के फरार होते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद कड़ी मशक्कत से राजगढ़ पुलिस ने करीब दस किलोमीटर दूर आरोपी को दबोच लिया।
गौरतलब हो कि इन आरोपियों ने राजगढ़ की एक दुकान से 6 लाख की कीमत के 48 मोबाइल, एक टैब और एक स्मार्ट वॉच चोरी की थी। वारदात के बाद पुलिस ने इन आरोपियों को नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया गया था। पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा ने चोरी के आरोपी जनक राज की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।