परफॉर्मेंस नहीं तो पद से हटना तय, कांग्रेस जिलाध्यक्षों को विनय कुमार की दो टूक चेतावनी
मंडी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार ने संगठन में जवाबदेही को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि केवल पद मिलना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि परफॉर्मेंस दिखाना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि यदि नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करते हैं, तो उन्हें पद से हटाने में कोई संकोच नहीं किया जाएगा।
मंडी में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष चंपा ठाकुर के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान विनय कुमार ने खुले मंच से संगठन के सभी पदाधिकारियों को यह संदेश दे दिया। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस संगठन में नियुक्तियां केवल काम और सक्रियता के आधार पर होंगी। किसी भी नेता की सिफारिश तभी मानी जाएगी, जब संबंधित व्यक्ति की जमीनी परफॉर्मेंस संतोषजनक पाई जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दो टूक कहा कि चाहे पद कितना भी बड़ा क्यों न हो, परफॉर्म न करने वालों के लिए संगठन में कोई जगह नहीं होगी। जिलाध्यक्ष जैसे अहम पदों पर बैठे नेताओं को भी जवाबदेह रहना पड़ेगा।
10 दिन में बनेगी प्रदेश कार्यकारिणी
विनय कुमार ने जानकारी दी कि आगामी 10 दिनों के भीतर प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा। इसमें सभी जातियों, वर्गों और क्षेत्रों का संतुलन रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन में मेहनती और सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इसके बाद ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणियों का भी गठन किया जाएगा।
पंचायत चुनावों को लेकर कांग्रेस तैयार
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन और राज्य सरकार पंचायत चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। विनय कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी और सरकार के बीच किसी प्रकार का मतभेद नहीं है और सभी एकजुट होकर काम कर रहे हैं।
नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिया अनुशासन का संदेश
इस मौके पर विनय कुमार ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी के सभी कार्यक्रम तय समय पर ही शुरू होंगे। यदि कार्यक्रम 11 बजे का है, तो नेताओं को समय पर पहुंचना होगा और कार्यकर्ताओं को उससे पहले।
🔴 Also Read : उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने नाहन में ली जिला योजना व 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक | Big अपडेट
🔴 ये भी पढ़ें : नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की कार्यप्रणाली, योजनाओं और अन्य गतिविधियां!!
उन्होंने कहा कि अनुशासन के बिना संगठन मजबूत नहीं हो सकता। वे स्वयं अनुशासन में रहकर काम करने में विश्वास रखते हैं और यही उम्मीद पार्टी के हर कार्यकर्ता से करते हैं।
ये रहे मौजूद
समारोह में पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, प्रकाश चौधरी, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ठाकुर, जिलाध्यक्ष चंपा ठाकुर सहित जिला भर से आए कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
