Advertisement

जिला कांगड़ा में हेड कांस्टेबल रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस टीम ने दबोचा

कांगड़ा: एफआईआर से नाम हटाने की एवज में मांगी थी 10 हजार की रिश्वत, हेड कांस्टेबल विजिलेंस के जाल में फंसा

समाचार विस्तार :

कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विजिलेंस विभाग ने सोमवार को पुलिस थाना रैहन में तैनात एक हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस कर्मी दिनेश कुमार ने एक स्थानीय व्यक्ति से एफआईआर से नाम हटाने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायतकर्ता सूरज, निवासी फतेहपुर ने विजिलेंस थाना धर्मशाला में इसकी शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि स्थानीय पुलिस थाना रैहन में दर्ज एक मामले में उनका और उनके भाई का नाम गलत तरीके से शामिल किया गया था। जांच अधिकारी दिनेश कुमार ने उनसे कहा कि यदि वे चाहते हैं कि उनका नाम एफआईआर से हट जाए, तो इसके बदले 10 हजार रुपये देने होंगे।

विजिलेंस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पहले सभी तथ्यों की पुष्टि की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। सोमवार को समलाना क्षेत्र में विजिलेंस टीम ने आरोपी हेड कांस्टेबल को एडवांस के रूप में 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

विजिलेंस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ विजिलेंस थाना धर्मशाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए एसपी विजिलेंस बलवीर सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य संबंधित पहलुओं पर भी जांच की जाएगी।