दैनिक जनवार्ता
शिमला। हिमाचल प्रदेश में 80 पोस्ट कोड में विभिन्न विभागों में कुल 1,423 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें जेबीटी, जेओए, आईटी सहित विभिन्न पद शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक सबसे ज्यादा 400 के करीब पद जेबीटी के भरे जाएंगे। नई भर्ती परीक्षाओं को सिंगल विंडो सिस्टम के जरिये जल्द शुरू किए जाने की उम्मीद है। 80 पोस्ट कोड के तहत 1,423 पदों की भर्ती प्रक्रिया भी नए साल में आगे बढ़ने की उम्मीद है। बहरहाल, दो साल से भर्तियों की प्रतीक्षा कर रहे प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर है। बीते वर्ष कर्मचारी चयन आयोग के समय में विज्ञापित भर्तियों के जो पात्र अभ्यर्थी थे, उनको आयु सीमा में कम से कम दो साल अधिक छूट देने की भी प्रदेश सरकार ने तैयारी की है। इस संदर्भ में राज्य चयन आयोग ने प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा है। उम्मीद है कि नए साल में 80 पोस्ट कोड में प्रदेश के विभिन्न विभागों में कुल 1,423 पदों पर भर्ती की जाएगी। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिव विक्रम महाजन ने बताया कि पूर्व में शुरू हुई भर्ती प्रक्रियाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं। अब सरकार की अनुमति मिलते ही 80 पोस्ट कोड की भर्ती प्रक्रिया को भी जल्द शुरू कर दिया जाएगा।
HP News : 80 पोस्ट कोड के तहत प्रदेश में भरे जाएंगे 1423 विभिन्न पद, इनमें सबसे ज्यादा जेबीटी के भरे जाएंगे पद
