Advertisement

Sirmaur : नाहन में राज्य वन निगम का मंडलीय प्रबंधक रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो नाहन की टीम ने हि. प्र. राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के डिवीजनल मैनेजर अश्वनी कुमार वर्मा को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक अश्वनी कुमार वर्मा ने शिकायतकर्ता वन निगम के एक ठेकेदार से 67 लाख रुपये के बकाया बिलों को पास करने की एवज में दो फीसदी कमीशन की मांग की थी। साथ ही बिलों को पास न करने की धमकी भी दी। इसकी शिकायत ठेकेदार ने विजिलेंस नाहन से की।
इसके बाद विजिलेंस की टीम ने आरोपी को दबोचने के लिए जाल बिछाया। जब शिकायतकर्ता ने आरोपी मंडलीय प्रबंधक की मांग के अनुरूप उसे 50,000 रुपये की पहली किस्त दी तो विजिलेंस की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो की एसपी अंजुम आरा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को रंगे हाथों 50,000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।