दैनिक जनवार्ता
कालाअंब (सिरमौर/अंबाला)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के साथ सटे हरियाणा क्षेत्र में स्थित मारकण्डा नदी के पुल के नीचे एक 14 वर्षीय प्रवासी लड़की का शव बरामद हुआ है। शनिवार सुबह हरियाणा पुलिस को सूचना मिली कि मारकण्डा नदी में पुल के नीचे किसी महिला का शव पड़ा है। लिहाजा सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची और शव को कब्जे मे लेकर कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह कालाअंब में मारकण्डा नदी के पुल से गुजर रहे कुछ लोगों ने नदी में एक शव पड़ा देखा। उन्होंने इसकी सूचना हरियाणा पुलिस को दी। प्रारंभ में कयास लगाए जा रहे थे कि शायद कोई महिला हिमाचल क्षेत्र की ओर से नदी में बह गई होगी, ये उसका शव होगा। लेकिन मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा तो पता चला कि मृतका महिला नहीं बल्कि 14 वर्षीय लड़की है। उस के पिता कालाअंब में ही काम करते हैं और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। बहरहाल, कालाअंब हरियाणा पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। मृतका की मौत की वजह का पता लगाया जा रहा है।