Advertisement

किसान आंदोलन : किसान नेताओं पर रासुका के तहत होगी कार्रवाई, एक नेता के घर नोटिस चस्पा

किसान नेताओं के खिलाफ होगी राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई, किसान नेताओं के घर नोटिस चस्पा, मांगी संपत्ति की जानकारी

दैनिक जनवार्ता न्यूज
अंबाला (हरियाणा)। किसान नेताओं के खिलाफ हरियाणा की अंबाला पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून रासुका के अंतर्गत कार्रवाई की घोषणा की है। पुलिस के मुताबिक किसान नेता शंभू बॉर्डर पर किसानों को पथराव के लिए उकसा रहे हैं।

किसानों की पत्थरबाजी से पुलिस के 30 जवान जख्मी हुए हैं, जबकि एक पुलिसकर्मी को ब्रेन हेमरेज हुआ है और दो कर्मियों की मौत हो चुकी है।

बताया जा रहा है कि भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष और किसान मजदूर मोर्चा के सदस्य अमरजीत सिंह मोहड़ी के घर पुलिस का नोटिस चस्पा किया गया है। ये नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह नोटिस एसपी अंबाला की तरफ से जारी किया गया है। नोटिस में न्यायालय के आदेशों का हवाला दिया गया है। साथ ही आंदोलन उग्र होने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने का भी जिक्र किया गया है। नोटिस के मुताबिक अमरजीत सिंह मोहड़ी इस आंदोलन में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। इसमें अमरजीत सिंह की संपत्ति और बैंक खातों की जानकारी मांगी गई है। लिहाजा बिना अनुमति के आंदोलन में शामिल होने पर अमरजीत सिंह की संपत्ति से भी नुकसान की भरपाई की जा सकती है।