दैनिक जनवार्ता न्यूज
कांगड़ा। जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां का एक जवान लेह में शहीद हो गया है। जवान की शहादत की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि नगरोटा बगवां के लिली गांव के जवान हैप्पी सिंह 4 साल से सेना में सेवाएं दे रहे थे। ग्लेशियर में तैनात हुए उन्हें अभी केवल 6 माह ही हुए थे।
हैप्पी की उम्र महज 25 वर्ष थी और उनकी शादी भी नहीं हुई थी। शहीद जवान के गांव के कैप्टन अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें सेना के अधिकारी ने सूचना दी कि आपके गांव का एक जवान शहीद हो गया है।
जानकारी के मुताबिक ड्यूटी के दौरान हैप्पी की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें चंडीगढ़ ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही हैप्पी सिंह का निधन हो गया। शहीद के माता-पिता को चंडीगढ़ आने के लिए कहा गया है।
लेह में खराब मौसम की वजह से पार्थिव देह को लाने में मुश्किल हो रही है। बहरहाल, मौसम ठीक होने के बाद विमान से हैप्पी सिंह की पार्थिव देह को लाया जाएगा। उनके पैतृक गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।