किसानों के मार्च को रोकने के लिए दिल्ली की सीमाएं सील, दिल्ली हरियाणा के इन रास्तों को किया गया है बंद
दैनिक जनवार्ता न्यूज
दिल्ली। संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा के तत्वावधान में 26 किसान संगठन 13 फरवरी को दिल्ली कूच करेंगे। पंजाब के किसान करीब दस हजार ट्रैक्टर ट्रालियों में दिल्ली जाने के लिए हरियाणा में प्रवेश करेंगे। इस किसान आंदोलन को देखते हुए सरकार सतर्क हो गई है।
किसान अपनी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और अन्य मांगों के समर्थन में एक बार फिर से आंदोलन का रुख अपना रहे हैं। इसी के मद्देनजर 13 फरवरी को किसान संगठनों ने दिल्ली चलो मार्च अभियान के तहत सभी किसानों को राजधानी दिल्ली में एकत्रित होने का आह्वान किया है।
इसमें उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित कई अन्य राज्यों के किसान संगठन शामिल हैं। बताया जा रहा है कि किसानों के दिल्ली चलो मार्च को देखते हुए राजधानी की गाजीपुर सीमा पर बेरिकेडिंग की गई है।
हरियाणा के पंचकुला में भी धारा 144 लगा दी गई है। पंचकुला के डीएसपी सुमेर सिंह प्रताप ने बताया कि पैदल, ट्रैक्टर ट्राली या अन्य वाहनों के साथ जलूस, मार्च पास्ट या प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा लाठी, रॉड या किसी भी प्रकार का हथियार ले जाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
पंजाब और हरियाणा की सीमा शंभू बॉर्डर को भी बेरिकेडिंग और कंटीली तार लगाकर बंद कर दिया गया है। घग्घर नदी के पुल को भी आवाजाही के लिए बंद किया गया है। कई रास्तों पर खुदाई करके भी मार्ग अवरूद्ध किए गए हैं। किसानों ने कहा है कि वे अपने निर्णय पर फिलहाल अटल रहेंगे।
हरियाणा के 7 जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में इंटरनेट, डोंगल और एसएमएस सेवाएं बंद कर दी गई हैं। ये आदेश 11 फरवरी सुबह 6:00 बजे से 13 फरवरी की रात 11:59 बजे तक लागू रहेंगे।