कालाअंब के रामपुर जट्टान के वैभव ने अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स में जीता स्वर्ण पदक, सिरमौर का नाम किया रोशन
भुवनेश्वर में आयोजित बिम्सटेक अंडर-23 प्रतियोगिता की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में हासिल की शानदार सफलता, डॉ. राजीव बिंदल ने दी बधाई
नाहन (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर सिरमौर के एक होनहार युवा ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल की है। कालाअंब पंचायत के रामपुर जट्टान निवासी वैभव राणा ने भुवनेश्वर में आयोजित बिम्सटेक अंडर-23 अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में डिस्कस थ्रो स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
वैभव की इस उपलब्धि पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। वैभव, रणवीर सिंह राणा के सुपुत्र हैं।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि वैभव ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से न केवल परिवार और रामपुर जट्टान क्षेत्र, बल्कि पूरे सिरमौर जिले और हिमाचल प्रदेश का मान बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला प्रतिभाशाली युवाओं की धरती है। वैभव की यह उपलब्धि प्रदेश के उन युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी, जो खेलों में अपना भविष्य बनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखते हैं।
डॉ. बिंदल ने वैभव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी इसी तरह अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश के लिए पदक जीतेंगे तथा खेल जगत में नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
