पांवटा साहिब में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पिता-पुत्री की साइकिल हादसे का शिकार
श्यामपुर भुड़ के पास हुआ हादसा, डिम लाइट जलाकर तेज गति से बाइक चलाने का आरोप; पुरुवाला थाने में मामला दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब क्षेत्र के श्यामपुर भुड़ में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से साइकिल सवार पिता और उसकी बेटी हादसे का शिकार हो गए। आरोप है कि बाइक चालक तेज गति से डिम लाइट जलाकर वाहन चला रहा था और उसने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस थाना पुरुवाला में दर्ज शिकायत के अनुसार, संदीप पुत्र चमेल सिंह निवासी गांव व डाकघर मानपुर देवड़ा, तहसील पांवटा साहिब ने बताया कि 26 नवंबर को वह श्यामपुर भुड़ में टहल रहा था।
इसी दौरान उसके गांव का धीरज कुमार अपनी बेटी नंदनी को साइकिल पर बैठाकर मानपुर देवड़ा से श्यामपुर भुड़ की तरफ जा रहा था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसी समय एक मोटरसाइकिल तेज रफ्तार से आई। बाइक की लाइट डिम थी और चालक ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
शिकायत में मोटरसाइकिल का नंबर UK07AB-4967 बताया गया है। बाइक चालक की पहचान सुनील कुमार पुत्र खड़कू राम निवासी श्यामपुर भुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस थाना पुरुवाला में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
