हिमाचल: बच्चों को चुप कराने के लिए हाथ में थमा रहे मोबाइल? छोटी उम्र में ही प्रभावित हो रहा दिमाग और शरीर का विकास
शिमला। बच्चा रोया तो मोबाइल पकड़ा दिया और खाना नहीं खा रहा तो वीडियो चलाकर उसे बहला दिया। माता-पिता की यह छोटी सी आदत नन्हे बच्चों के भविष्य पर भारी पड़ सकती है। हिमाचल प्रदेश के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला के एक अध्ययन में सामने आया है कि कम उम्र में मोबाइल फोन का अत्यधिक इस्तेमाल बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास को प्रभावित कर रहा है।
आईजीएमसी के कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग की ओर से शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों पर की गई क्लीनिकल समीक्षा में स्क्रीन के बढ़ते इस्तेमाल से जुड़ी कई चिंताजनक बातें सामने आई हैं। अध्ययन इसी माह जर्नल ऑफ पायनियरिंग मेडिकल साइंसेज और मेड लेटर में प्रकाशित हुआ है। अध्ययन के अनुसार, लंबे समय तक मोबाइल स्क्रीन के संपर्क में रहने वाले बच्चों में बोलने की क्षमता विकसित होने में देरी, चिड़चिड़ापन और संवाद संबंधी समस्याएं देखने को मिल रही हैं।
समझने के बावजूद प्रतिक्रिया देने में हो रही देरी
अध्ययन में बच्चों के व्यवहार और संवाद क्षमता पर स्क्रीन टाइम के प्रभाव को भी रेखांकित किया गया है। कुछ बच्चे बातों को समझने और सामने वाले से आंखों का संपर्क बनाने के बावजूद अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं देते। मोबाइल पर अधिक निर्भरता के कारण बच्चों को माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बातचीत करने तथा अपनी बात व्यक्त करने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते।
विशेषज्ञों के अनुसार, एकल परिवारों में माता-पिता की व्यस्तता भी इस आदत को बढ़ावा दे सकती है। बच्चे को शांत रखने या व्यस्त रखने के लिए मोबाइल देना आसान विकल्प बन जाता है, लेकिन लगातार ऐसा करने से उसकी सामान्य गतिविधियां और सीखने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
खेलकूद में कमी से बढ़ सकता है मोटापे का खतरा
मोबाइल पर घंटों समय बिताने का असर केवल बच्चों के व्यवहार तक सीमित नहीं है। स्क्रीन के सामने अधिक समय गुजारने से उनकी शारीरिक गतिविधियां कम हो रही हैं। बाहर खेलना, दौड़ना और दूसरे बच्चों के साथ समय बिताना घटने से शारीरिक सक्रियता प्रभावित होती है। इसका असर मेटाबॉलिज्म पर पड़ सकता है और आगे चलकर मोटापा, मधुमेह तथा उच्च रक्तचाप जैसी गैर-संचारी बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है।
इसके अलावा, मोबाइल स्क्रीन को लंबे समय तक नजदीक से देखने के कारण आंखों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बच्चों में मायोपिया (निकट दृष्टि दोष) और आंखों में सूखेपन जैसी समस्याओं की आशंका बढ़ती है।
मोबाइल देखते हुए खाना खाने से भी हो सकता है नुकसान
कई घरों में बच्चों को खाना खिलाने के लिए मोबाइल पर कार्टून या वीडियो चलाने की आदत बन गई है। बच्चा स्क्रीन देखने में व्यस्त रहता है और इसी दौरान खाना खा लेता है। ऐसे में उसका ध्यान भोजन के स्वाद और खाने की प्रक्रिया पर नहीं रहता। विशेषज्ञों के मुताबिक, भोजन के समय बच्चों से बातचीत करना और उन्हें खाने के प्रति जागरूक करना अधिक बेहतर तरीका है।
शुरुआती वर्षों में मस्तिष्क का विकास सबसे तेज
जन्म से लेकर शुरुआती वर्षों तक बच्चे का मस्तिष्क तेजी से विकसित होता है। इस दौरान बातचीत, आवाजों को सुनना, चेहरे के भाव समझना और आसपास के वातावरण से जुड़ना बेहद महत्वपूर्ण होता है। मोबाइल पर चलने वाले वीडियो और आवाजें एकतरफा संवाद उपलब्ध कराते हैं, जबकि बच्चे को वास्तविक बातचीत और आपसी प्रतिक्रिया की जरूरत होती है।
लगातार स्क्रीन देखने की आदत से बच्चों की भाषा सीखने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसके साथ ही चिड़चिड़ापन और नींद से जुड़ी परेशानियां भी सामने आ सकती हैं।
बच्चों को मोबाइल से दूर रखने के लिए अभिभावकों को दी सलाह
आईजीएमसी शिमला के कम्यूनिटी मेडिसिन विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. अमित सचदेवा ने अभिभावकों को छोटे बच्चों के स्क्रीन टाइम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में बच्चों को मोबाइल फोन देने से बचना चाहिए और उनके लिए जीरो स्क्रीन टाइम का लक्ष्य रखना चाहिए।
डॉ. सचदेवा के अनुसार, बच्चों को खाना खिलाते समय उनसे बातचीत करें। उन्हें व्यस्त रखने के लिए मोबाइल के बजाय खिलौने, चित्रों वाली किताबें और अन्य रचनात्मक गतिविधियां अपनाएं। बच्चों को कहानियां सुनाना और उनके साथ समय बिताना भी उनके मानसिक एवं भाषा विकास के लिए बेहतर विकल्प है।
विशेषज्ञों का संदेश साफ है कि मोबाइल फोन बच्चे को कुछ देर के लिए शांत तो कर सकता है, लेकिन उसके बचपन का महत्वपूर्ण समय स्क्रीन के हवाले नहीं किया जाना चाहिए। अभिभावकों की थोड़ी सी सतर्कता बच्चों के बेहतर मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास में अहम भूमिका निभा सकती है।
