शोघी में बस के भीतर पकड़ी गई चिट्टे की खेप, युवक और युवती गिरफ्तार
चंडीगढ़ से नशे की खेप लेकर शिमला पहुंचने की थी तैयारी, पुलिस ने तलाशी के दौरान 14 ग्राम हेरोइन की बरामद
शिमला। चंडीगढ़ से बस में सवार होकर शिमला पहुंच रहे युवक और युवती को पुलिस ने नशे की खेप के साथ रास्ते में ही दबोच लिया। शोघी में की गई तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 नवंबर को शिमला पुलिस के स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक और युवती चंडीगढ़ से बस में सवार होकर शिमला की ओर आ रहे हैं। सूचना में उनके पास चिट्टा होने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शोघी में संबंधित बस को रुकवाया और यात्रियों की जांच शुरू की।
इस दौरान पुलिस ने जम्मू-कश्मीर निवासी आरिफ हुसैन और रोहड़ू के लोअर कोटी निवासी नेहा उर्फ सोनू की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों को हिरासत में ले लिया।
मामले में पुलिस थाना बालूगंज में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने चिट्टे की यह खेप कहां से हासिल की थी और शिमला में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। मामले में नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
