पांवटा साहिब में यूपी का युवक 3.40 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार, यमुना बैरियर पर SIU ने दबोचा
पुलिस को मिली थी चिट्टा बेचने की गुप्त सूचना, आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पांवटा साहिब। उपमंडल पांवटा साहिब में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। SIU नाहन की टीम ने यमुना बैरियर के समीप आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से 3.40 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को SIU नाहन की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि अफजल नामक व्यक्ति, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का रहने वाला है, काफी समय से पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टा बेचने का काम कर रहा है। सूचना के मुताबिक आरोपी कुलहाल की तरफ से पांवटा साहिब आ रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने यमुना बैरियर के समीप पुल के पास नाकाबंदी कर आरोपी का इंतजार किया। कुछ देर बाद कुलहाल की तरफ से पैदल आ रहे एक व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। उसकी पहचान अफजल पुत्र रफीक निवासी गांव व डाकघर बेहट, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.40 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
