हिमाचल: 10 हजार लगाकर 20 हजार कमाए, फिर बुजुर्ग को 1.29 करोड़ की ठगी में फंसाया
पहले छोटी रकम दोगुनी कर जीता भरोसा, फिर व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए बिछाया साइबर ठगी का जाल। गोल्ड ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर सेवानिवृत्त अधिकारी को बनाया निशाना।
शिमला। साइबर ठग अब लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में ठगी का ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शातिरों ने गोल्ड ट्रेडिंग और शेयर बाजार में निवेश के नाम पर एक बुजुर्ग सेवानिवृत्त अधिकारी को 1.29 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। हैरानी की बात यह है कि ठगों ने शुरुआत में महज 10 हजार रुपये के निवेश पर 20 हजार रुपये लौटाकर पीड़ित का विश्वास जीत लिया था।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग की नजर सोशल मीडिया पर गोल्ड ट्रेडिंग और शेयर बाजार में निवेश का प्रशिक्षण देने से संबंधित एक विज्ञापन पर पड़ी। विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ दिया गया। इस ग्रुप में शेयर बाजार और निवेश से जुड़ी जानकारियां साझा की जाती थीं। साथ ही निवेश पर आकर्षक रिटर्न मिलने का लालच भी दिया जाता था।
शुरुआत में बुजुर्ग ने ठगों के बताए तरीके से 10 हजार रुपये निवेश किए। कुछ समय बाद उनके खाते में 20 हजार रुपये वापस आ गए। पहली ही बार में रकम दोगुनी मिलने से उन्हें इस निवेश योजना पर भरोसा हो गया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने उन्हें लगातार बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1.29 करोड़ रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में जमा करवा दिए। ठग काफी समय तक उन्हें निवेश पर अच्छे मुनाफे का भरोसा दिलाते रहे। लेकिन जब बुजुर्ग ने अपने निवेश की स्थिति जाननी चाही तो आरोपियों ने शेयर बाजार में भारी गिरावट और नुकसान होने का हवाला देना शुरू कर दिया।
आरोपियों ने नुकसान की भरपाई करने के नाम पर पीड़ित से और रकम जमा करवाने का दबाव भी बनाया। इस पर उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाना शिमला में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ठगी से जुड़े पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश संबंधी विज्ञापनों और अनजान व्हाट्सएप ग्रुपों के झांसे में न आएं। कम समय में दोगुना या कई गुना मुनाफा देने के दावे अक्सर साइबर ठगी का हिस्सा हो सकते हैं। किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था के बताए बैंक खाते में बिना पूरी जांच-पड़ताल के पैसे जमा न करवाएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।
