हिमाचल: पत्नी की संदिग्ध मौत का मामला हत्या में बदला, पति गिरफ्तार; शरीर पर मिले चोटों के निशान
हमीरपुर में 40 वर्षीय महिला की मौत के मामले में पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में डंडे से मारपीट किए जाने की बात सामने आई है, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। सदर थाना क्षेत्र के बकारटी में 40 वर्षीय प्रेमलता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति दिनेश कुमार को गिरफ्तार किया है। महिला के शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुधवार रात दिनेश कुमार ने अपनी पत्नी प्रेमलता के साथ डंडे से मारपीट की थी। इसके अगले दिन गुरुवार सुबह महिला घर में मृत अवस्था में मिली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की छानबीन शुरू की।
घर के बाहर गिरकर घायल होने की बताई गई थी बात
मामले की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम प्रेमलता घर से बाहर गई थी। इस दौरान उसके घर के बाहर गिरकर घायल होने की बात परिजनों को बताई गई थी। इसके बाद परिजन उसे घर वापस ले आए और उसका उपचार भी करवाया गया। हालांकि, अगली सुबह महिला की मौत हो गई।
महिला के शरीर पर चोटों के निशान मिलने और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के दौरान पुलिस को मामले में गंभीर आशंका हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर महिला के पति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
