मंडी में बरात से लौट रही कार खाई में गिरी, दो युवकों की मौत; तीन घायल
खुशियों के माहौल से लौट रहे पांच लोगों की कार रास्ते में हादसे का शिकार हो गई। अंधेरे में गहरी खाई में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सुंदरनगर उपमंडल के निहरी क्षेत्र में पंडार चौकी के समीप गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां बरात से वापस लौट रही ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग जैदेवी से किन्दर में आयोजित बरात में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 7 बजे पंडार चौकी के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।
हादसे में विजय कुमार उर्फ रिंकू (36), पुत्र रामदास, निवासी गांव खग्राओ और पुनीत कुमार उर्फ अंकू (34), पुत्र केवल कृष्ण, निवासी गांव बोडलीधार की मौत हो गई।
वहीं, दुर्घटना में मनोज कुमार पुत्र भगतराम, सुरेंद्र कुमार पुत्र पोलू राम और पंकज कुमार पुत्र जगतराम, तीनों निवासी गांव बोडलीधार घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अंधेरे में रेस्क्यू करना बना चुनौती
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। गहरी खाई और अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।
डीएसपी भारत भूषण ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार करवाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
