Home स्वास्थ्य/चिकित्सा हिमाचल में दवाओं की गुणवत्ता पर अलर्ट! 16 सैंपलों में मिली खामियां, 94 फार्मा इकाइयों में उत्पादन बंदी के आदेश

हिमाचल में दवाओं की गुणवत्ता पर अलर्ट! 16 सैंपलों में मिली खामियां, 94 फार्मा इकाइयों में उत्पादन बंदी के आदेश

by Dainik Janvarta
0 comment

हिमाचल में दवाओं की गुणवत्ता जांच में 16 सैंपलों में मिली खामियां, 94 औद्योगिक इकाइयों पर उत्पादन बंदी के आदेश

शिमला। हिमाचल प्रदेश में दवा निर्माण की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर निगरानी बढ़ाने की जरूरत सामने आई है। अक्तूबर महीने में हुई जांच के दौरान प्रदेश में निर्मित दवाओं के 16 सैंपलों में कुछ कमियां पाई गई हैं। इनमें मुख्य रूप से डिस्क्रिप्शन और पीएच वैल्यू से जुड़ी खामियां शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दवाओं के बैच नंबर की जांच करने और गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले बैच की दवाओं का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।

देशभर में अक्तूबर के दौरान दवाओं के कुल 324 सैंपल निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। हिमाचल प्रदेश के राज्य औषधि नियंत्रक डॉ. मनीष कपूर ने बताया कि औषधि निरीक्षक बाजार में उपलब्ध दवाओं के नमूने नियमित रूप से रैंडम आधार पर एकत्र करते हैं। इनकी प्रयोगशालाओं में जांच कर गुणवत्ता और प्रभावशीलता का आकलन किया जाता है।

राष्ट्रीय औसत से कम रहा हिमाचल में खराब सैंपलों का अनुपात

डॉ. कपूर के अनुसार, देश के दवा बाजार में हिमाचल प्रदेश में निर्मित दवाओं की बड़ी हिस्सेदारी है। इसके बावजूद प्रदेश में गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले सैंपलों का अनुपात 0.6 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह आंकड़ा 2.6 प्रतिशत है।

उन्होंने बताया कि जांच में कमियां सामने आने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की गई है। वर्तमान में प्रदेश की 94 औद्योगिक इकाइयों अथवा उनके संबंधित उत्पादन सेक्शनों में पूर्ण या आंशिक रूप से उत्पादन बंद करने के आदेश लागू हैं। इन इकाइयों को दोबारा उत्पादन शुरू करने की अनुमति विभागीय जांच और सत्यापन के बाद ही मिलेगी।

सुधार के बाद ही उत्पादन शुरू करने की मिलेगी अनुमति

राज्य औषधि नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि जिन दवाओं के नमूने गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, उनके संबंधित उत्पादन पर रोक जारी रहती है। संबंधित निर्माता कंपनी को पहले सुधारात्मक और निवारक कदम उठाने होंगे। इसके बाद विभाग की ओर से सत्यापन किए जाने पर ही उत्पादन दोबारा शुरू करने की अनुमति दी जा सकती है।

डॉ. मनीष कपूर ने गुरुवार को बंगलूरू में आयोजित राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियमन सम्मेलन में भी इस विषय को प्रमुखता से उठाया। सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के नियामक अधिकारियों और केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

नकली दवाओं पर लगाम लगाने के लिए बेहतर समन्वय पर जोर

सम्मेलन के दौरान डॉ. कपूर ने नकली दवाओं के कारोबार और एनडीपीएस श्रेणी की दवाओं के अवैध इस्तेमाल पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न राज्यों की नियामक एजेंसियों के बीच समय पर खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान और बेहतर समन्वय जरूरी है।

विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि दवाएं खरीदते समय उनके बैच नंबर पर ध्यान दें और केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी गुणवत्ता संबंधी अलर्ट की जानकारी लेते रहें।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.