सराहां में पशुपालकों को सिखाए स्वच्छ दुग्ध उत्पादन के गुर, वैज्ञानिक पशुपालन से बढ़ेगी किसानों की आय
संतुलित पशु आहार और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर दिया जोर, पशुपालकों को वितरित की दवाइयां व स्टेशनरी किट
सराहां (सिरमौर), 26 नवंबर। पशुपालकों की आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए सराहां में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्व दुग्ध दिवस के उपलक्ष्य में पशुपालन विभाग और मिल्कफेड की संयुक्त पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन, संतुलित पशु आहार और स्वच्छ दुग्ध उत्पादन के तरीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपनिदेशक पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन, सिरमौर डॉ. राजीव वालिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सहायक निदेशक डॉ. राजीव मेहता और डॉ. राकेश भाटी, पशु चिकित्सा अधिकारी सराहां डॉ. नीरज तथा पशु चिकित्सा अधिकारी नेहली धीरा डॉ. रेनू चौहान भी मौजूद रहीं। इसके अलावा मिल्क चिलिंग प्लांट पच्छाद के प्रभारी डॉ. विपुल कश्यप और सहकारी सभाएं पच्छाद के खंड निरीक्षक रोहित ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
वैज्ञानिक पशुपालन से बढ़ेगी पशुपालकों की आमदनी
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मिल्क चिलिंग प्लांट पच्छाद के प्रभारी डॉ. विपुल कश्यप ने सभी अतिथियों और पशुपालकों का स्वागत किया। इस दौरान डॉ. राजीव वालिया ने पशुपालकों और दुग्ध सहकारी सभाओं (DCS) के सदस्यों को संबोधित करते हुए वैज्ञानिक पशु आहार प्रबंधन अपनाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पशुओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाने के साथ-साथ स्वच्छ दुग्ध उत्पादन की विधियों को अपनाना बेहद जरूरी है। वैज्ञानिक पशुपालन तकनीकों के इस्तेमाल से दूध की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में वृद्धि की जा सकती है। इससे पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ उनकी आय में भी सुधार होगा।
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रेनू चौहान ने विश्व दुग्ध दिवस के महत्व, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों और दुग्ध सहकारी सभाओं की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पशुपालकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया और बेहतर दुग्ध उत्पादन के लिए जरूरी सावधानियों के बारे में भी बताया।
पशुपालकों को बांटी दवाइयां और स्टेशनरी किट
इस अवसर पर पशुपालन विभाग की ओर से उपस्थित पशुपालकों को दवाइयां और स्टेशनरी किट भी वितरित की गईं। कार्यक्रम के अंत में सहकारी समिति के सचिव श्याम गौतम ने सभी अतिथियों, विभागीय अधिकारियों और पशुपालकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन तकनीकों के प्रति जागरूक करना, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना तथा दुग्ध उत्पादन के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि को मजबूत करना रहा।
