Home आस्था एवं संस्कृति सिरमौर: रुद्र महाराज मेले में पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, 53 लाख के खेल मैदान का किया भूमि पूजन; 65 हजार की सौगात का ऐलान

सिरमौर: रुद्र महाराज मेले में पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, 53 लाख के खेल मैदान का किया भूमि पूजन; 65 हजार की सौगात का ऐलान

by Dainik Janvarta
0 comment

रुद्र महाराज मेले में पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, 53 लाख से बनने वाले खेल मैदान का किया भूमि पूजन

नशे के खिलाफ खेलों को बताया कारगर हथियार, मेले के आयोजन के लिए 50 हजार और स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 15 हजार रुपये देने की घोषणा

राजगढ़ (सिरमौर)। सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र में आयोजित जिला स्तरीय रुद्र महाराज एकादशी मेले में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिरकत कर क्षेत्रवासियों को सांस्कृतिक विरासत से जुड़े इस उत्सव की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने 53 लाख रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान का भूमि पूजन भी किया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ग्राम पंचायत देवठी मझगांव स्थित रुद्र महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद तीन दिवसीय जिला स्तरीय मेले में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आयोजित होने वाले मेले और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं के प्रतीक हैं। विशेषकर सिरमौर और शिमला जिले के मेले अपनी अलग पहचान रखते हैं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि रुद्र महाराज का मेला क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी प्राचीन परंपराओं से जोड़ने का माध्यम भी बनते हैं।

नशे के खिलाफ खेलों को बताया प्रभावी माध्यम

शिक्षा मंत्री ने कहा कि नशा आज समाज के सामने बड़ी चुनौती बन चुका है। इससे निपटने के लिए युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करना बेहद जरूरी है। खेल गतिविधियां युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी प्रदान करती हैं।

उन्होंने मेले के दौरान आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं की सराहना करते हुए कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक खेल गतिविधियों में भाग लेने और अपनी कमियों से सीख लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

रोहित ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले चार वर्षों में शिलाई, चौपाल, घुमारवीं और मंडी में चार नए स्पोर्ट्स हॉस्टल खोले हैं। इनके शुरू होने से प्रदेश में स्पोर्ट्स हॉस्टलों की संख्या बढ़कर 12 हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में प्रदेश का पहला केंद्रीय विद्यालय खोला गया है।

हिमाचल की शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर दिया जोर

शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के गठन के बाद से प्रदेश के विकास में विभिन्न सरकारों ने योगदान दिया है। डॉ. यशवंत सिंह परमार के संघर्ष और बलिदान से हिमाचल को अलग राज्य के रूप में पहचान मिली।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। इसी दिशा में सीबीएसई बोर्ड के तहत प्रदेश के 143 स्कूलों को चिन्हित कर शुरू किया गया है, जबकि दूसरे चरण में 100 और स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एनएएस)-2025 की समग्र राष्ट्रीय रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश ने पांचवां स्थान हासिल किया है। प्रदेश की साक्षरता दर 99.5 प्रतिशत होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की नीतियों और सुधारात्मक प्रयासों का परिणाम बताया।

मेला समिति और स्कूली बच्चों को आर्थिक सहायता की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र की मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर उन्होंने मेला आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। वहीं, स्कूली बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया।

इससे पहले शिक्षा मंत्री ने 53 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान का भूमि पूजन किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

इससे पहले स्थानीय पंचायत प्रधान सुरेश ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और क्षेत्रवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया।

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, प्रदेश कांग्रेस सचिव दयाल प्यारी और पद्मश्री विद्यानंद सरैक ने भी अपने विचार रखे।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत कोटी पधोग की प्रधान अंजना कंवर, ग्राम पंचायत सनियो दीदग के प्रधान वेद प्रकाश ठाकुर, एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन गर्ग, डीएसपी वीसी नेगी, मेला समिति के सदस्य, श्रद्धालु और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.