रेणुकाजी में सीट रोकने की जल्दबाजी एक व्यक्ति पर पड़ी भारी
ददाहू बस स्टैंड पर मची अफरा-तफरी के बीच HRTC बस का अगला टायर व्यक्ति की टांग पर चढ़ गया, गंभीर चोट लगने पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया।
ददाहू (सिरमौर)। रेणुकाजी मेले के दौरान ददाहू बस स्टैंड पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बस में सीट रोकने के लिए यात्रियों के बीच मची अफरा-तफरी में एक व्यक्ति बस की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी बाईं टांग में गहरी चोट आई है।
पुलिस थाना रेणुकाजी में दर्ज शिकायत के अनुसार लुधियाणा गांव निवासी राम लाल पुत्र बलदेव सिंह 24 नवंबर को रेणुकाजी मेले में आया हुआ था। शाम करीब 7:15 बजे जब नाहन-अंधेरी रूट की बस ददाहू बस स्टैंड पहुंची तो बस में सीट हासिल करने के लिए वहां खड़ी सवारियां बस की ओर दौड़ने लगीं।
शिकायतकर्ता के अनुसार वह भी सीट रोकने के लिए बस की तरफ जा रहा था। इसी दौरान HRTC बस नंबर HP71A-9368 के चालक ने भीड़ को देखते हुए बस नहीं रोकी और उसे धीमी गति से आगे बढ़ाता रहा। इसी बीच भीड़ में धक्का लगने से राम लाल नीचे गिर गया और बस का कंडक्टर साइड वाला अगला टायर उसकी टांग पर चढ़ गया।
हादसे में राम लाल की बाईं टांग में काफी गहरी चोट आई। शिकायतकर्ता ने बस चालक की पहचान राजेश के रूप में बताई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर चालक राजेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
