हाईवे निर्माण से प्रभावित शारदा देवी को मिलेगा मुआवजा, विधायक चंद्रशेखर ने खत्म किया धरना
मंडी। हाईवे निर्माण के कारण मकान को हुए नुकसान के बावजूद मुआवजे के लिए इंतजार कर रही कुम्हारड़ा निवासी शारदा देवी को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। विधायक चंद्रशेखर ठाकुर के सांकेतिक धरने के बाद प्रशासन हरकत में आया है और मकान को हुए नुकसान का आकलन करवाकर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
धर्मपुर के कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने प्रशासन और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के अधिकारियों से मिले भरोसे के बाद अपना सांकेतिक धरना समाप्त कर दिया। अधिकारियों ने प्रभावित मकानों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों की समस्याएं सुनीं।
कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर तय होगा मुआवजा
प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासन के मुताबिक, कुम्हारड़ा निवासी शारदा देवी के क्षतिग्रस्त मकान का विस्तृत आकलन करवाया जाएगा। MoRTH से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए गठित कमेटी मकान को हुए नुकसान की जांच कर अपनी रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंपेगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर मुआवजे की राशि निर्धारित करने और राहत देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने कहा कि शारदा देवी के मकान को हुए नुकसान का पूरा आकलन करवाकर उन्हें उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई करने और अधिकारियों को मौके पर भेजने के लिए उपायुक्त मंडी का आभार जताया।
8 से 10 दिसंबर के बीच होगी उच्चस्तरीय बैठक
विधायक ने बताया कि हाईवे की बदहाल स्थिति, निर्माण कार्यों के कारण मकानों को पहुंच रहे नुकसान और प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर 8 से 10 दिसंबर के बीच उच्चस्तरीय कमेटी की बैठक प्रस्तावित है।
इस बैठक में सदर विधायक अनिल शर्मा और सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर भी शामिल होंगे। बैठक में हाईवे निर्माण से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने के मामलों पर भी चर्चा की जाएगी।
अन्य प्रभावित परिवार भी दे सकते हैं आवेदन
विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने हाईवे निर्माण के कारण नुकसान झेल रहे अन्य परिवारों से भी अपने मामलों को सामने लाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मकानों या संपत्तियों को निर्माण कार्यों से नुकसान पहुंचा है, वे अपनी शिकायत और नुकसान से संबंधित आवेदन पंचायत प्रतिनिधियों, संबंधित एसडीएम, उपायुक्त कार्यालय या सीधे उनके पास जमा करवा सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त होने वाले आवेदनों को आगामी उच्चस्तरीय बैठक में कमेटी के समक्ष रखा जाएगा, ताकि सभी मामलों की समीक्षा कर प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें। विधायक ने कहा कि हाईवे निर्माण से प्रभावित लोगों को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
