Home स्वास्थ्य/चिकित्सा हिमाचल में 91 दवाओं के सैंपल फेल! सोलन में सबसे ज्यादा 65 दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल, सिरमौर भी पीछे नहीं

हिमाचल में 91 दवाओं के सैंपल फेल! सोलन में सबसे ज्यादा 65 दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल, सिरमौर भी पीछे नहीं

by Dainik Janvarta
0 comment

हिमाचल में दवाओं की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल, 91 दवा सैंपल फेल; सोलन सबसे आगे

सोलन/सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के दवा उद्योग को बड़ा झटका लगा है। प्रदेश में निर्मित 91 दवाओं के सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं, जिससे दवा निर्माण क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

देशभर में हाल ही में की गई दवाओं की गुणवत्ता जांच में कुल 324 सैंपल मानकों के विपरीत पाए गए हैं। इनमें अकेले हिमाचल प्रदेश में बनी 91 दवाएं शामिल हैं। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सोलन जिला सबसे आगे है, जहां की 65 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। इसके अलावा सिरमौर में 19, ऊना में पांच और कांगड़ा जिले में दो दवाओं के सैंपल गुणवत्ता परीक्षण में असफल रहे हैं।

कई गंभीर बीमारियों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल

जांच में गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली दवाएं अलग-अलग बीमारियों के उपचार में इस्तेमाल की जाती हैं। इनमें संक्रमण, खून की कमी (एनीमिया), खुजली, बुखार, खांसी-जुकाम, दर्द, एसिडिटी, मधुमेह, हाई ब्लड प्रेशर, अस्थमा और उच्च कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याओं के उपचार में उपयोग होने वाली दवाएं शामिल हैं।

दवाओं के इतने बड़े पैमाने पर गुणवत्ता परीक्षण में फेल होने से प्रदेश के फार्मा उद्योग की गुणवत्ता व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर सोलन और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में दवा निर्माण इकाइयों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

संबंधित कंपनियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

प्रदेश के राज्य औषधि नियंत्रक डॉ. मनीष कपूर ने कहा कि गुणवत्ता परीक्षण में फेल हुई दवाओं के निर्माण से जुड़ी कंपनियों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि संबंधित दवा निर्माताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। कंपनियों को बाजार में उपलब्ध प्रभावित बैच की दवाओं को वापस मंगवाने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके साथ ही लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार विभाग की ओर से आगामी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

सोलन और सिरमौर के फार्मा उद्योग पर बढ़ी निगरानी की जरूरत

प्रदेश में दवा निर्माण उद्योग का बड़ा केंद्र माने जाने वाले सोलन और सिरमौर जिलों से सामने आए 84 फेल सैंपल इस मामले की गंभीरता को दर्शाते हैं। अब विभाग की कार्रवाई और संबंधित कंपनियों की जवाबदेही पर नजर रहेगी।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.