हिमाचल: IGMC में अब मुफ्त एक्सरे की सुविधा बंद, हर जांच के लिए देने होंगे 60 रुपये; मरीजों में रोष
शिमला। सरकारी अस्पतालों में सस्ता और सुलभ इलाज मिलने की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले मरीजों को अब जांच के लिए भी अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) शिमला में मुफ्त एक्सरे की सुविधा समाप्त कर दी गई है। अस्पताल में बुधवार से एक्सरे करवाने के लिए 60 रुपये शुल्क वसूलना शुरू कर दिया गया है।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से लागू की गई इस नई व्यवस्था का असर सामान्य मरीजों के साथ-साथ आपातकालीन स्थिति में एक्सरे करवाने वालों पर भी पड़ेगा। यानी अब इमरजेंसी में एक्सरे करवाने पर भी मरीजों को निर्धारित शुल्क चुकाना होगा। इससे पहले अस्पताल में यह जांच पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध थी।
रोजाना 500 से अधिक मरीज करवाते हैं एक्सरे
IGMC शिमला में प्रतिदिन 500 से अधिक एक्सरे किए जाते हैं। ऐसे में शुल्क लागू होने से हर दिन बड़ी संख्या में मरीजों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन ने शुल्क वसूली शुरू करने से पहले इस संबंध में कार्यालय आदेश भी जारी किए थे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव की ओर से जारी आदेशों के बाद बुधवार से नई व्यवस्था प्रभावी हो गई है।
रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिया गया था निर्णय
एक्सरे पर शुल्क लगाने का प्रस्ताव 23 अक्तूबर को आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक में सामने आया था। बैठक के तीसरे एजेंडे के तहत अस्पताल प्रबंधन ने एक्सरे जांच के लिए शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा था। समिति ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति देते हुए सरकार की मंजूरी के लिए भेजने का निर्णय लिया था। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया था कि सरकारी स्वीकृति मिलने के बाद ही मरीजों से शुल्क लिया जाएगा।
अब सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अस्पताल में यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके तहत 31 दिसंबर 2020 की अधिसूचना में निर्धारित शुल्क के अनुसार मरीजों से 60 रुपये वसूले जा रहे हैं।
फैसले के खिलाफ मरीजों ने जताई नाराजगी
एक्सरे जांच को शुल्क के दायरे में लाने के फैसले से अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों में नाराजगी देखने को मिली। बुधवार को एक्सरे करवाने पहुंचे निशा, सुमित्रा, नेहा, रंजना, मुकुंद सिंह और रजत ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाए।
मरीजों का कहना था कि सरकार एक तरफ सरकारी अस्पतालों में निशुल्क उपचार की बात करती है, जबकि दूसरी ओर जरूरी जांचों पर शुल्क लगाया जा रहा है। पहले से ही कई दवाइयां अस्पताल के बाहर से खरीदनी पड़ती हैं। ऐसे में एक्सरे के लिए भी पैसे देने की व्यवस्था आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मुश्किलें बढ़ाएगी।
मरीजों और तीमारदारों ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में बड़ी संख्या में ऐसे लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं, जो निजी अस्पतालों का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में जांच सुविधाओं पर शुल्क लगाने के बजाय इन्हें आम लोगों के लिए सुलभ बनाए रखना चाहिए।
