Home दुर्घटना Chamba Fire: संघणी बाजार में आग का तांडव! 7 दुकानें-मकान जलकर राख, कई परिवारों की रोजी-रोटी उजड़ी

Chamba Fire: संघणी बाजार में आग का तांडव! 7 दुकानें-मकान जलकर राख, कई परिवारों की रोजी-रोटी उजड़ी

by Dainik Janvarta
0 comment

चंबा के संघणी बाजार में भीषण अग्निकांड, 7 दुकानें-मकान आग की चपेट में; कई परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट

चंबा। रात के अंधेरे में उठीं आग की लपटों ने देखते ही देखते कई दुकानदारों के वर्षों के कारोबार को राख में तब्दील कर दिया। चंबा के संघणी बाजार में हुए भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है। आग की चपेट में करीब 7 दुकानें और मकान आए हैं। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के संघणी बाजार में बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों तथा मकानों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के ग्रामीण और दुकानदार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।

दुकानों से सामान निकालने का भी नहीं मिला समय

आग इतनी तेजी से फैली कि प्रभावित दुकानदारों को अपनी दुकानों में रखा सामान सुरक्षित बाहर निकालने का पर्याप्त समय तक नहीं मिल पाया। देखते ही देखते दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। कई परिवारों की आजीविका इन दुकानों पर निर्भर थी। ऐसे में दुकानें और कारोबार का सामान नष्ट होने से प्रभावित परिवारों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।

दमकल विभाग और ग्रामीणों ने मिलकर बुझाई आग

अग्निकांड की सूचना दमकल विभाग सलूणी को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का मोर्चा संभाला। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी दमकल कर्मचारियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफलता मिली। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे तक आग बुझाने के प्रयास जारी रहे।

प्रशासन ने मौके पर भेजी राजस्व विभाग की टीम

कार्यवाहक एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि इस भीषण अग्निकांड में करीब 7 दुकानें और मकान आग की चपेट में आए हैं। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को तहसीलदार की अगुवाई में मौके पर भेज दिया गया है, ताकि नुकसान का आकलन किया जा सके।

अग्निकांड के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित दुकानदारों और परिवारों को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, नुकसान का वास्तविक आंकड़ा राजस्व विभाग की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.