गुरुपर्व का उत्सव मनाकर लौट रहे युवकों के साथ नाहन में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक पर तलवार और पत्थरों से हमला किया गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य लोगों को भी निशाना बनाया गया।
नाहन (सिरमौर)। शहर में गुरुपर्व के बाद देर रात मारपीट और हमले का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस थाना नाहन में आठ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायत में तलवार और पत्थरों से हमला करने, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस को दी शिकायत में मोहल्ला गोविंदगढ़ निवासी गुरमीत सिंह ने बताया कि 24 नवंबर की रात करीब 10:20 बजे गुरुद्वारा साहिब दिल्ली गेट में गुरुपर्व का त्योहार मनाने के बाद वे वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान सदानंद चौहान की कोठी के पास दीप सिंह, गुरप्रीत सिंह, इन्द्रजीत सिंह, आशु, मोंटू सिंह, जोगिन्द्र सिंह, जसविन्द्र सिंह और सोनू सिंह ने कथित तौर पर गुरविंदर सिंह के साथ तलवार और पत्थरों से मारपीट की।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब गुरमीत सिंह और राजेन्द्र कौर बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
पुलिस थाना नाहन में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
