
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में MSME सेक्टर की होगी अहम भूमिका : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता
कालाअंब में लघु उद्योग भारती की ओर से आयोजित समारोह में एम्बुलेंस जनता को समर्पित, उद्योग जगत से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान
नाहन/कालाअंब (सिरमौर)। देश की आर्थिक तरक्की और रोजगार सृजन में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र की भूमिका लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में यह क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह बात हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने बुधवार को सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में कही।
राज्यपाल यहां लघु उद्योग भारती की कालाअंब इकाई की ओर से आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक एम्बुलेंस को जनसेवा के लिए समर्पित किया। समारोह में लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।
राज्यपाल के समक्ष उठीं औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं
समारोह के दौरान लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने राज्यपाल को कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से भी अवगत करवाया। उन्होंने कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क की खस्ताहाल स्थिति के साथ उद्योगों को पेश आ रही पेयजल और विद्युत आपूर्ति की समस्याएं उठाईं। उन्होंने इनका शीघ्र समाधान करने की मांग की।
सड़क सुधार के लिए 1.90 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में उद्योग जगत की ओर से किए जा रहे जनहित के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क के सुधार को लेकर बताया कि इसके 0 से 2 किलोमीटर हिस्से के लिए 65 लाख रुपये तथा 2 से 4 किलोमीटर हिस्से के लिए 1.25 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क सुधार के लिए लोक निर्माण विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

देश में 7.47 करोड़ से अधिक MSME इकाइयां
MSME सेक्टर के आर्थिक योगदान का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देश में 7.47 करोड़ से अधिक पंजीकृत MSME इकाइयां हैं, जिनसे 32 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। ये इकाइयां देश की जीडीपी, विनिर्माण और निर्यात में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने छोटे उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इनमें संस्थागत वित्त तक आसान पहुंच, तकनीकी विकास को बढ़ावा और कारोबार करने की प्रक्रिया को सरल बनाना शामिल है।
MSME की नई श्रेणी से उद्यमियों को मिलेगा लाभ
राज्यपाल ने 1 अप्रैल 2025 से लागू MSME की संशोधित वर्गीकरण व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि निवेश और कारोबार की सीमा बढ़ने से उद्यमियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने, नया निवेश लाने, रोजगार के अवसर पैदा करने और वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने के नए अवसर मिले हैं।
उन्होंने बताया कि संशोधित व्यवस्था के तहत सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों के लिए निवेश की सीमा क्रमशः 2.5 करोड़, 25 करोड़ और 125 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, इनके वार्षिक टर्नओवर की सीमा बढ़ाकर क्रमशः 10 करोड़, 100 करोड़ और 500 करोड़ रुपये कर दी गई है।
मुद्रा योजना और क्रेडिट गारंटी स्कीम का किया उल्लेख

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और क्रेडिट गारंटी स्कीम को छोटे उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाना नहीं, बल्कि ऐसा मजबूत औद्योगिक वातावरण तैयार करना है, जहां उद्यमी नवाचार, आधुनिक तकनीक और नए बाजारों के माध्यम से अपने कारोबार को आगे बढ़ा सकें।
कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की भूमिका की सराहना
राज्यपाल ने कहा कि कालाअंब जैसे औद्योगिक क्लस्टर हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक विकास में अहम योगदान दे रहे हैं। इन क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने, रोजगार बढ़ाने और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने लघु उद्योग भारती की भी सराहना करते हुए कहा कि संगठन उद्यमियों को साझा मंच उपलब्ध करवाने के साथ आपसी सहयोग, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत कर रहा है।
विद्यार्थियों को स्कूल बैग बांटे, पंचायत प्रधान सम्मानित
समारोह के दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए। इसके अलावा कालाअंब क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के प्रधानों को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने लघु उद्योग भारती की कालाअंब इकाई और औद्योगिक जगत से जुड़े सभी लोगों को इस जनकल्याणकारी पहल के लिए बधाई दी।

इससे पहले लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरविंद धूमल ने राज्यपाल का स्वागत किया और प्रदेश में संगठन के तहत स्थापित औद्योगिक इकाइयों की जानकारी दी। संगठन के सदस्य अखिल महेश्वरी ने कालाअंब इकाई की गतिविधियों और सामाजिक कार्यों से अवगत करवाया। वहीं, लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों एवं उद्यमियों में अश्वनी गर्ग, मनोज गर्ग, केसी पारिख, डॉ. दान सिंह, राजेश भालोटिया और राजीव तिवारी मौजूद रहे। इसके अलावा एडीसी एकता कापटा, एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रचित शर्मा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी पवन शर्मा, जिला लोक संपर्क अधिकारी ममता नेगी, एएसपी नरेंद्र कुमार, डीएसपी मुख्यालय शक्ति सिंह तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता आलोक जानवेजा भी समारोह में उपस्थित रहे।
