
हिमाचल में फर्जी किसान बनकर जमीन खरीदने का आरोप, पंजाब के व्यक्ति पर FIR दर्ज; चार जगहों पर खरीदी संपत्ति
मंडी निवासी की पहचान और पारिवारिक विवरण का कथित दुरुपयोग कर बनवाया कृषि प्रमाणपत्र, सिरमौर के राजगढ़ में पुलिस ने दर्ज किया मामला
राजगढ़ (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों के लोगों द्वारा जमीन खरीदने पर लगी कानूनी पाबंदियों के बीच फर्जी कृषि प्रमाणपत्र के सहारे जमीन खरीदने का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि पंजाब के मोहाली निवासी एक व्यक्ति ने खुद को हिमाचल का किसान दर्शाने के लिए मंडी जिले के एक व्यक्ति की पहचान और पारिवारिक विवरण का कथित तौर पर इस्तेमाल किया और प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में जमीन खरीद ली।
मामले में राजगढ़ पुलिस ने मोहाली निवासी संदीप कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र सहित भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 465, 468, 471, 420 और 120B के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार निवासी चौपाल, जिला शिमला के अनुसार, दिसंबर 2023 या जनवरी 2024 में मोहाली के एक प्रॉपर्टी डीलर के माध्यम से उसकी मुलाकात संदीप कुमार से हुई थी। उस दौरान संदीप ने खुद को मंडी जिले के बहरी गांव का निवासी बताया था। इसके बाद 26 मार्च 2024 को राजगढ़ तहसील के नैई नेटी गांव में 7 बीघा 16 बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री करवाई गई।
शिकायतकर्ता को जमीन से जुड़े दस्तावेजों में कुछ गड़बड़ी का संदेह हुआ तो उसने अपने भाई के साथ अक्टूबर 2024 में तहसीलदार कार्यालय सरकाघाट और संधोट ग्राम पंचायत से सूचना के अधिकार (RTI) के तहत रिकॉर्ड जुटाया। इसमें जमाबंदी सहित राजस्व और पंचायत से संबंधित दस्तावेज हासिल किए गए।
शिकायत के मुताबिक, दस्तावेजों की जांच और आपस में मिलान करने पर कृषि प्रमाणपत्र में दर्ज पहचान और पारिवारिक विवरण में अंतर सामने आया। आरोप है कि 19 मार्च 2024 को तहसीलदार कार्यालय सरकाघाट से जारी कृषि प्रमाणपत्र में मंडी निवासी सुरजीत कुमार की पहचान का इस्तेमाल किया गया था, जबकि संदीप कुमार और सुरजीत कुमार के बीच कोई पारिवारिक संबंध नहीं था।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संदीप कुमार ने इसी प्रमाणपत्र के आधार पर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर जमीन खरीदी। इनमें सोलन जिले के कंडाघाट, सिरमौर जिले के पांवटा साहिब और शिमला जिले के सुन्नी में खरीदी गई जमीन शामिल है। इन संपत्तियों की रजिस्ट्रियां क्रमशः 5 जून, 27 जून और 3 जुलाई 2024 को हुई थीं। यह भी आरोप है कि कुछ संपत्तियां उसके बेटे वंश लूथरा के नाम पर हस्तांतरित की गईं।
धारा 118 के उल्लंघन का मामला फिर चर्चा में
इस प्रकरण के सामने आने के बाद हिमाचल प्रदेश टेनेंसी एंड लैंड रिफॉर्म्स एक्ट की धारा 118 को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। इस धारा के तहत गैर-कृषक व्यक्ति हिमाचल प्रदेश में सरकार की पूर्व अनुमति के बिना कृषि भूमि नहीं खरीद सकता। कृषि प्रमाणपत्रों के कथित दुरुपयोग और धारा 118 के उल्लंघन का मुद्दा हाल ही में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सत्र में भी चर्चा का विषय रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों और जमीन की खरीद-फरोख्त के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
