Home क्राइम सिरमौर के जंगल में 4G कैमरों का बड़ा कमाल! लोडेड बंदूकों और बारूद के साथ दो दबोचे, IIM का सुरक्षा कर्मी भी शामिल

सिरमौर के जंगल में 4G कैमरों का बड़ा कमाल! लोडेड बंदूकों और बारूद के साथ दो दबोचे, IIM का सुरक्षा कर्मी भी शामिल

by Dainik Janvarta
0 comment

4G कैमरों की लाइव तस्वीरों ने खोली शिकार की पोल! सिरमौर के जंगल में लोडेड बंदूकों के साथ दो दबोचे, IIM का सुरक्षा कर्मी भी शामिल

पांवटा साहिब (सिरमौर)। जंगल में वन्यजीवों की निगरानी के लिए लगाए गए 4G कैमरे इस बार अवैध शिकार की आशंका से जुड़ी एक बड़ी कार्रवाई का अहम जरिया बन गए। कैमरों से मोबाइल पर पहुंची लाइव तस्वीरों के आधार पर वन विभाग की टीमों ने आरक्षित वन क्षेत्र में दो लोगों को लोडेड बंदूकों और शिकार में इस्तेमाल होने वाले सामान के साथ पकड़ लिया।

मामला सिरमौर जिले के पांवटा साहिब स्थित आरक्षित वन क्षेत्र का है। पकड़े गए लोगों में 36 वर्षीय दिनेश कुमार निवासी गांव सराह और उसका नाबालिग भतीजा शामिल है। दिनेश कुमार धौलाकुआं स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) में सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इसी साल जून में पांवटा साहिब के जंगल में एक बाघिन दिखाई देने के बाद संवेदनशील वन क्षेत्र की निगरानी के लिए 4G तकनीक से लैस कैमरा ट्रैप लगाए गए थे। इन कैमरों की खासियत है कि जंगल में किसी भी हलचल का पता चलते ही तस्वीरें सीधे संबंधित अधिकारियों के मोबाइल फोन पर पहुंच जाती हैं।

जानकारी के मुताबिक, रविवार को सराह वन बीट में लगाए गए एक कैमरे से पहली तस्वीर शाम करीब 4:19 बजे प्राप्त हुई। इसमें दो व्यक्ति बंदूकें और बैग लेकर जंगल के रास्ते से गुजरते दिखाई दिए। इसके बाद शाम 5:27 बजे उसी स्थान पर उन्हीं व्यक्तियों की दोबारा तस्वीर कैमरे में कैद हुई। लगातार मिली इन तस्वीरों को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई।

तीन टीमों ने घेराबंदी कर रात 10:15 बजे पकड़े आरोपी

पांवटा साहिब के अतिरिक्त वन संरक्षक (ACF) आदित्य शर्मा ने बताया कि कैमरे से तस्वीरें मिलने के बाद तीन टीमों का गठन किया गया। रेंज अधिकारी सुरेंद्र सिंह की निगरानी में गठित इन टीमों में वन विभाग के नौ कर्मचारी शामिल थे। इनमें वन रक्षक विजय कुमार, रणबीर सिंह और कैलाश सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

टीमों ने जंगल में तलाश और घेराबंदी अभियान चलाया। इसके बाद रात करीब 10:15 बजे वन क्षेत्र के नजदीक दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक नली वाली देसी बंदूकें (मजल लोडिंग गन) और बैग बरामद हुए।

सूत्रों के अनुसार, बैग में बारूद और जाल बिछाने में इस्तेमाल होने वाली क्लच वायर भी मिली है। वन विभाग ने इसे मामले की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण बरामदगी माना है।

मोबाइल में मिले जंगली सूअरों के शवों के फोटो

कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने दिनेश कुमार का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया। अधिकारियों के मुताबिक, फोन में कुछ ऐसी तस्वीरें मिली हैं, जिनमें दिनेश कथित तौर पर जंगली सूअरों के शवों के साथ दिखाई दे रहा है। इन तस्वीरों की जांच के लिए मोबाइल फोन को फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।

वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि दोनों संदिग्ध आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध शिकार करने या वन्यजीवों को पकड़ने के लिए जाल बिछाने जैसी गतिविधियों में शामिल थे या नहीं। मोबाइल से मिली तस्वीरें जांच में अहम साक्ष्य साबित हो सकती हैं।

नाबालिग पर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंपा

वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, नाबालिग को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया, जबकि दिनेश कुमार को सोमवार को पांवटा साहिब की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत से उसे जमानत मिल गई।

वहीं, बंदूकें बरामद होने के चलते वन विभाग स्थानीय पुलिस के समक्ष अलग से शिकायत दर्ज करवाने की तैयारी भी कर रहा है।

लाइसेंसी बंदूक होने का किया दावा

सूत्रों के अनुसार, दोनों संदिग्धों को पकड़े जाने के बाद कुछ स्थानीय ग्रामीणों और उनके परिजनों ने वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाए। परिजनों का दावा था कि बरामद बंदूकें लाइसेंसी हैं और उनका इस्तेमाल फसलों की सुरक्षा के लिए किया जा रहा था। हालांकि, कार्रवाई के समय वन विभाग के अधिकारियों के सामने संबंधित लाइसेंस दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए थे।

वन विभाग ने इस मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 52, 2(16) और 2(35) के तहत FIR दर्ज की है। हथियारों की बरामदगी को लेकर पुलिस के पास अलग शिकायत भी भेजी जाएगी।

गौरतलब है कि जून में पांवटा साहिब के जंगल में देखी गई बाघिन के राजाजी नेशनल पार्क, उत्तराखंड से आने की संभावना जताई गई थी। उसी की निगरानी के लिए लगाए गए 4G कैमरा ट्रैप अब वन क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने में भी प्रभावी साबित हुए हैं।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.