
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुमय हुआ नाहन, पंज प्यारों की अगुवाई में निकला भव्य नगर कीर्तन
नाहन में गूंजे सतनाम वाहेगुरु के जयकारे, गतका के रोमांचक प्रदर्शन और गुरु के अटूट लंगर ने दिया सेवा, समानता व भाईचारे का संदेश
नाहन (सिरमौर)। ‘सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानण होआ’ के पावन संदेश के साथ ऐतिहासिक नगरी नाहन मंगलवार को भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगी नजर आई। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर निकले भव्य नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु के प्रति अपनी आस्था और समर्पण प्रकट किया।
ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री दशमेश अस्थान नाहन साहिब में प्रकाश पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के लिए संगत का पहुंचना शुरू हो गया था। पूरे परिसर में गुरबाणी, शबद कीर्तन और सतनाम वाहेगुरु के जयकारों से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को आरंभ हुए श्री अखंड पाठ साहिब का मंगलवार को विधिवत भोग डाला गया। गुरुद्वारा साहिब के मुख्य ग्रंथी भाई लक्ष्मण सिंह ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश किया। इस दौरान पांवटा साहिब से पहुंचे रागी जत्थे ने मधुर गुरबाणी और शबद कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया।
इस अवसर पर पंज प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन सवारी के साथ नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धालु सतनाम वाहेगुरु और धन-धन श्री गुरु नानक देव जी के जयकारे लगाते रहे।
नगर कीर्तन का विशेष आकर्षण सिख नौजवानों की ओर से प्रस्तुत पारंपरिक युद्धकला गतका रहा। युवाओं ने तलवारबाजी और अन्य हैरतअंगेज करतबों के माध्यम से सिख परंपरा के शौर्य और वीरता का प्रदर्शन किया। वहीं, महिला सेवादारों के जत्थे ने गुरु साहिब की पावन सवारी के आगे मार्ग की सफाई कर सेवा और विनम्रता की अनूठी मिसाल पेश की।
प्रकाश पर्व के आयोजन में गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सरदार अमृत शाह सहित गुरु सेवक सरदार देवेंद्र सिंह, सरदार अवतार सिंह, सरदार अवकाश सिंह, सरदार प्रताप सिंह, सरदार सुरजीत सिंह और अन्य सेवादारों ने विभिन्न व्यवस्थाओं में सक्रिय योगदान दिया।
इस दौरान गुरुद्वारा साहिब में गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ पंगत में बैठकर लंगर प्रसाद ग्रहण किया। लंगर की परंपरा के माध्यम से बिना किसी जाति, धर्म, ऊंच-नीच या आर्थिक भेदभाव के सभी को समानता का संदेश दिया गया।
श्री गुरु नानक देव जी के बताए ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ के सिद्धांतों को समर्पित यह आयोजन सेवा, मानवता और आपसी भाईचारे का संदेश दे गया। प्रकाश पर्व के अवसर पर नाहन में धार्मिक श्रद्धा के साथ सामाजिक एकता और समरसता की भी सुंदर झलक देखने को मिली।
