Home आस्था एवं संस्कृति रेणुकाजी मेले से राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता का बड़ा संदेश, हिमाचल को नशामुक्त बनाने के लिए दिलाए 5 संकल्प

रेणुकाजी मेले से राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता का बड़ा संदेश, हिमाचल को नशामुक्त बनाने के लिए दिलाए 5 संकल्प

by Dainik Janvarta
0 comment

भारत की समृद्ध विरासत और आध्यात्मिक शक्ति दुनिया को कर रही प्रेरित, विकास के साथ विरासत को सहेजना भी जरूरी : राज्यपाल

रेणुकाजी मेले के समापन समारोह में बोले राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और हिमाचल को नशामुक्त बनाने के लिए पांच संकल्प अपनाने का किया आह्वान

ददाहू (सिरमौर), 24 नवंबर। भारत आज जहां आधुनिक विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, वहीं अपनी समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के दम पर विश्व में नई पहचान भी बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र ने देश की विकास यात्रा को नई दिशा दी है। यह बात हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने मंगलवार को सिरमौर जिले में आयोजित अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही।

इस अवसर पर लेडी गवर्नर श्रीमती बिंदु गुप्ता भी उनके साथ मौजूद रहीं। राज्यपाल ने कहा कि भारत की प्राचीन सभ्यता, आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को आज वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल रही है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और उज्जैन में श्री महाकाल लोक जैसे प्रयास देश की सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि श्री रेणुकाजी जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेले हमारी सभ्यतागत पहचान को मजबूत करने के साथ पारंपरिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देते हैं।

माता रेणुका और भगवान परशुराम का मिलन पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक

राज्यपाल ने माता रेणुका जी और भगवान श्री परशुराम जी के दिव्य मिलन की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मेला मातृत्व, त्याग, भक्ति और भारतीय पारिवारिक मूल्यों की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में महिलाओं को विशेष सम्मान दिया गया है। सीता-राम, राधे-कृष्ण और लक्ष्मी-नारायण के नामों का एक साथ स्मरण करना भारतीय संस्कृति में नारी के सम्मान और महत्व को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान केवल धार्मिक मान्यताओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे हमारे व्यवहार और सामाजिक जीवन में भी दिखाई देना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला नेतृत्व वाले विकास के विजन के अनुरूप महिलाओं को शिक्षा, विज्ञान, उद्यमिता, राजनीति और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में नेतृत्व के अधिक अवसर उपलब्ध करवाने की आवश्यकता है।

धार्मिक पर्यटन से हिमाचल की अर्थव्यवस्था को मिल सकती है मजबूती

राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाओं पर जोर देते हुए श्री रेणुकाजी जैसे पवित्र स्थलों को धार्मिक, सांस्कृतिक और इको-टूरिज्म के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क, होम-स्टे को बढ़ावा देने, स्थानीय हस्तशिल्प और पर्यटन आधारित उद्यमों के विकास से युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पारंपरिक मेले स्थानीय कारीगरों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने से क्षेत्र के लोगों की आजीविका मजबूत होगी और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी गति मिलेगी।

देव परंपराओं और लोक संस्कृति के डिजिटल संरक्षण पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और सनातन मूल्यों से जोड़ना समय की जरूरत है। इसके साथ ही उन्हें आधुनिक शिक्षा, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश के विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और शोधकर्ताओं से प्रदेश की प्राचीन देव परंपराओं, लोककथाओं, लोक संगीत, मंदिरों और धार्मिक मेलों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने तथा डिजिटल माध्यम से उनका संरक्षण करने का आह्वान किया। इससे प्रदेश की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रह सकेगी।

नशे के खिलाफ जनआंदोलन चलाने की अपील

प्रदेश में बढ़ते नशे के खतरे पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने धार्मिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों और युवाओं से नशे के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे की लत केवल एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद नहीं करती, बल्कि पूरे परिवार के सपनों और भविष्य को भी प्रभावित करती है।

राज्यपाल ने मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने और प्राकृतिक पत्तों से बनी पत्तलों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेणुका झील की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय पवित्रता को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

राज्यपाल ने दिलाए पांच संकल्प

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने माता रेणुका जी की पावन धरती से प्रदेशवासियों और देशवासियों से पांच संकल्प अपनाने का आह्वान किया। इनमें सांस्कृतिक विरासत एवं देव परंपराओं का संरक्षण, हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने में योगदान, महिलाओं का सम्मान एवं सशक्तिकरण, स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भागीदारी शामिल हैं।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड, कलाकारों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सभी सहयोगियों को बधाई दी। साथ ही प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मंदिरों में माथा टेक देव विदाई में लिया हिस्सा

समापन समारोह से पहले राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता और लेडी गवर्नर श्रीमती बिंदु गुप्ता ने भगवान परशुराम मंदिर तथा माता रेणुका जी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने पारंपरिक देव विदाई शोभायात्रा में भी भाग लिया। राज्यपाल ने मेले के दौरान आयोजित प्रदर्शनी में पुरस्कार प्राप्त करने वाले विभिन्न विभागों को सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर रेणुका क्षेत्र के विधायक एवं रेणुका विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार ने राज्यपाल का स्वागत किया। उन्होंने श्री रेणुकाजी में राज्यपाल के पहले दौरे पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मेले में स्थानीय कलाकारों की भागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने राज्यपाल और लेडी गवर्नर को पारंपरिक स्मृति चिह्न भी भेंट किए।

उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में सांसद सुरेश कश्यप, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पुलिस अधीक्षक निशांत नेगी, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

समारोह के बाद राज्यपाल ने रेणुका झील की परिक्रमा की और चिड़ियाघर का दौरा किया। यहां उन्होंने रखे गए बंगाल टाइगर को भी देखा।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.