
संकट मोचन मंदिर चोरी मामले में बड़ी कामयाबी, जंगल में छिपाकर रखे थे हनुमान जी के आभूषण; पुलिस ने सब कुछ किया बरामद
शिमला में प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर से चोरी हुए धार्मिक आभूषणों को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। आरोपी ने चोरी का सामान जंगल में छिपा रखा था, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया है।
शिमला। प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में हुई चोरी के मामले में शिमला पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। मंदिर से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य कीमती धार्मिक वस्तुओं को पुलिस ने बरामद कर लिया है। खास बात यह है कि आरोपी ने चोरी का सामान कमयाणा, भराड़ी के समीप जंगल में छिपाकर रखा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पूरी संपत्ति अपने कब्जे में ले ली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मामले में पुलिस थाना पश्चिम, जिला शिमला में 1 नवंबर 2026 को अभियोग संख्या 236/26 दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(D) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हितेन्द्र कंवर उर्फ बंटी (31), निवासी बसंतपुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला को 23 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ मामले में धारा 120B BNS भी जोड़ी गई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही के आधार पर 23 नवंबर को कमयाणा, भराड़ी के नजदीक जंगल में तलाशी अभियान चलाया। यहां छिपाकर रखी गई संकट मोचन मंदिर की चोरी हुई संपत्ति बरामद हुई।
हनुमान जी की गदाओं से लेकर चांदी के मुकुट तक मिले
बरामद सामान में हनुमान जी की गदाएं, चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, कड़े, कुंडल, कटोरियां, चम्मच, हार, चांदी की जोत और चरण पादुकाएं सहित विभिन्न धार्मिक आभूषण एवं अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं।
बरामदगी के दौरान संकट मोचन मंदिर के ट्रस्टी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बरामद वस्तुओं की पहचान करते हुए पुष्टि की कि ये वही सामान है, जो मंदिर से चोरी हुआ था। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार सभी वस्तुओं को अपने कब्जे में ले लिया।
शिमला पुलिस के अनुसार, मंदिर चोरी मामले में चोरी हुई संपत्ति की 100 प्रतिशत बरामदगी कर ली गई है। हालांकि, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।
