
निवेश प्रोत्साहन विधेयक के पारित होने का कालाअंब के उद्योगपतियों ने किया स्वागत
औद्योगिक विकास को मिलेगी गति, निवेश बढ़ने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की जताई उम्मीद
कालाअंब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में ‘हिमाचल प्रदेश निवेश प्रोत्साहन विधेयक, 2026’ पारित होने पर कालाअंब चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने खुशी जाहिर करते हुए इसका स्वागत किया है। उद्योग जगत ने इस विधेयक को प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने, नए निवेश को आकर्षित करने और औद्योगिक गतिविधियों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
कालाअंब चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के महासचिव (संगठन) रूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि विधेयक का पारित होना प्रदेश सरकार की उद्योगों के अनुकूल और निवेशक हितैषी माहौल तैयार करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रगतिशील पहल से प्रदेश में पहले से कार्यरत उद्यमियों के साथ-साथ नए निवेशकों का भरोसा भी मजबूत होगा। इससे नए निवेश को प्रोत्साहन मिलने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इस विधेयक को विधानसभा में पारित करवाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के प्रयासों एवं सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।
रूपेंद्र ठाकुर ने उम्मीद जताई कि विधेयक के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने से औद्योगिक प्रक्रियाएं सरल होंगी और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही उद्योग जगत से जुड़ी समस्याओं और चिंताओं के समाधान में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कालाअंब चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज प्रदेश सरकार के साथ मिलकर औद्योगिक क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन का मानना है कि बेहतर औद्योगिक माहौल और निवेश के अनुकूल नीतियों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश को औद्योगिक निवेश के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनाया जा सकता है।
