
श्री रेणुका जी मेले के समापन समारोह में कल शामिल होंगे राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता, रेणुका माता की आरती में भी लेंगे भाग
नाहन, 23 नवंबर। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के समापन समारोह में 24 नवंबर को प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। राज्यपाल के आगमन को लेकर मेले के अंतिम दिन विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वह समापन समारोह की अध्यक्षता करने के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों में भी भाग लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल 24 नवंबर को दोपहर श्री रेणुका जी पहुंचेंगे। यहां वह सबसे पहले भगवान परशुराम मंदिर में शीश नवाकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मेला मैदान में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे।
इसके उपरांत राज्यपाल रेणु मंच मेला मैदान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वह श्री रेणुका जी अंतरराष्ट्रीय मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।
राज्यपाल सायंकाल देवघाट में आयोजित श्री रेणुका माता की आरती में भी भाग लेंगे। इसके बाद वह रेणु मंच मेला मैदान में भगवान परशुराम कथा मंचन कार्यक्रम में बतौर अतिथि उपस्थित रहेंगे।
