
शिलाई में 500 करोड़ के विकास कार्यों को गति, चांदनी में 75 लाख से बनेगा नया PHC भवन
स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर सरकार का जोर, शिलाई अस्पताल में तैनात किए छह विशेषज्ञ डॉक्टर; PHC भवन छह माह में पूरा करने के निर्देश
शिलाई (सिरमौर)। शिलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी सरकार का फोकस है। क्षेत्र में करीब 500 करोड़ रुपये के विकासात्मक कार्य प्रगति पर हैं। इसी कड़ी में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ग्राम पंचायत चांदनी में 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) भवन की आधारशिला रखी।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना है, ताकि लोगों को बेहतर इलाज के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर आधारभूत ढांचे, पर्याप्त स्टाफ और आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना के तहत काम किया जा रहा है।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चांदनी के नए भवन का निर्माण छह माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन तैयार होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। मंत्री ने बताया कि शिलाई अस्पताल में छह विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
सड़कों और शिक्षा क्षेत्र में भी चल रहे कार्य
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपये के विकासात्मक कार्य विभिन्न स्तरों पर प्रगति पर हैं। इनमें 24 करोड़ रुपये की लागत से मानल से कोडगा सकोली सड़क तथा 50 लाख रुपये की लागत से सत्तोन से चांदनी सड़क को पक्का करने का कार्य शामिल है।
उन्होंने शिक्षा क्षेत्र की जानकारी देते हुए कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा विभाग के करीब 90 प्रतिशत पद भरे जा चुके हैं। शेष रिक्त पदों को भी जल्द भरने का आश्वासन दिया।
सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख देने की घोषणा
जनसभा के दौरान उद्योग मंत्री ने चांदनी में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इसके लिए अतिरिक्त धनराशि भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
इससे पहले दिलीप सिंह तोमर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाते हुए मांग पत्र प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में कृषि उपज एवं विपणन समिति सिरमौर के अध्यक्ष सीताराम शर्मा और शिलाई कांग्रेस समिति के कार्यकारी अध्यक्ष रघुवीर सिंह कपूर ने भी अपने विचार रखे।
इस दौरान हर्षवर्धन चौहान ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत चांदनी के प्रधान यशपाल ठाकुर, उपप्रधान मामराज, शिलाई कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष मामराज ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेसी अतर सिंह राणा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता योगेश शर्मा, खंड स्वास्थ्य अधिकारी राजपुरा के.एल. भगत, खंड विकास अधिकारी तिलोरधार राजेश नेगी सहित शिव मंदिर समिति भूमिया चांदनी और नवयुवक मंडल चांदनी के सदस्य, स्थानीय ग्रामीण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
