
शिलाई गोलीकांड: खजान सिंह हत्याकांड में दो और गिरफ्तार, नाहन से पकड़े गए आरोपी विशाल और फरिह्या शेख
नाहन (सिरमौर)। शिलाई में हुए खजान सिंह हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। गोली मारकर हत्या करने के इस मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में 10 नवंबर 2026 को खजान सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस थाना शिलाई में 11 नवंबर को अभियोग संख्या 67/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109(1), 115(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरमौर पुलिस ने गहन जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर अन्वेषण आगे बढ़ाया। पुलिस ने इस मामले में 18 नवंबर को मुख्य आरोपी विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड़, डाकघर टिम्बी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार किया था।
जांच के दौरान SIT को वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। इसके आधार पर पुलिस ने 22 नवंबर को दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुमार पुत्र पूरन चंद निवासी मोहल्ला अमरपुर, शिवपुरी मार्ग, नाहन और फरिह्या शेख पत्नी अंजुमान शेख निवासी घुन्नू घाट, मॉल रोड के नजदीक, नाहन के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दोनों आरोपियों को सोमवार को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया। मामले में आगामी जांच जारी है।
सिरमौर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में उनकी भूमिका और अन्य पहलुओं की पड़ताल करेगी।
