
हिमाचल की सड़कों की बहाली पर बजट का ब्रेक, 70% राशि अब भी अटकी; खस्ताहाल रास्तों पर सफर करने को मजबूर लोग
मानसून ने हिमाचल की सड़कों को जख्म दिए, लेकिन उनकी मरम्मत के लिए बजट की रफ्तार बेहद धीमी है। सड़कों की बहाली के लिए स्वीकृत 1,091 करोड़ रुपये में से जिलों को अब तक केवल 327 करोड़ रुपये ही मिले हैं। ऐसे में प्रदेश के कई इलाकों में क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थायी मरम्मत का काम प्रभावित हो रहा है।
ऊना/शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत और पुनर्स्थापन का काम पर्याप्त बजट जारी न होने के कारण धीमा पड़ा है। पोस्ट डिजास्टर नीड्स असेसमेंट (पीडीएनए-2025) के तहत सड़कों की बहाली के लिए कुल 1,091.32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके मुकाबले अब तक जिलों को केवल 327.40 करोड़ रुपये ही जारी हुए हैं, जो कुल बजट का करीब 30 फीसदी है।
इस तरह स्वीकृत राशि में से 763.92 करोड़ रुपये यानी लगभग 70 फीसदी बजट अब भी लंबित है। धनराशि का बड़ा हिस्सा जारी न होने से प्रदेशभर में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और स्थायी पुनर्स्थापन के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
जिलावार आवंटन की स्थिति पर नजर डालें तो मंडी जिले के लिए सबसे अधिक 225.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 58.83 करोड़ रुपये जारी हुए हैं, जबकि 166.55 करोड़ रुपये अभी लंबित हैं।
शिमला जिले के लिए 211.12 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। इसके मुकाबले 74.48 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं और 136.64 करोड़ रुपये का इंतजार है। वहीं, कांगड़ा जिले को स्वीकृत 191.01 करोड़ रुपये में से 52.18 करोड़ रुपये ही मिले हैं। यहां 138.83 करोड़ रुपये की राशि लंबित है।
चंबा जिले में भी बजट जारी होने की रफ्तार धीमी है। यहां सड़कों की बहाली के लिए 184.24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन अब तक 47.47 करोड़ रुपये ही जारी हुए हैं। जिले को शेष 136.77 करोड़ रुपये मिलने बाकी हैं।
कुल्लू जिले के लिए 84.92 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसमें से 34.53 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, जबकि 50.39 करोड़ रुपये लंबित हैं। सिरमौर जिले की बात करें तो यहां 47.19 करोड़ रुपये के स्वीकृत बजट के मुकाबले 10.45 करोड़ रुपये ही जारी हुए हैं। जिले को अभी 36.74 करोड़ रुपये मिलने बाकी हैं।
हमीरपुर में 44.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 17.63 करोड़ रुपये जारी हुए हैं। बिलासपुर को 42.64 करोड़ रुपये में से 11.79 करोड़ रुपये मिले हैं। वहीं, सोलन जिले के लिए मंजूर 22 करोड़ रुपये में से केवल 5.05 करोड़ रुपये जारी हुए हैं।
ऊना जिले में सड़कों की मरम्मत के लिए 29.46 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से अब तक 9.51 करोड़ रुपये यानी करीब 32.3 फीसदी राशि जारी हुई है। शेष 19.95 करोड़ रुपये लंबित हैं। इसके अलावा ऊना को एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के तहत 2.50-2.50 करोड़ रुपये भी आवंटित किए गए हैं।
छोटे जिलों में लाहौल-स्पीति को स्वीकृत 4.81 करोड़ रुपये में से 2.26 करोड़ रुपये मिले हैं, जबकि किन्नौर को 4.20 करोड़ रुपये के मुकाबले 3.22 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। किन्नौर में अभी 98 लाख रुपये लंबित हैं।
एसडीआरएफ-एनडीआरएफ की राशि जारी, पीडीएनए का इंतजार
वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के तहत प्राप्त 131.72 करोड़ रुपये जिलों को जारी किए जा चुके हैं। हालांकि, पीडीएनए के तहत स्वीकृत बड़ी धनराशि का अधिकांश हिस्सा अब भी लंबित है। ऐसे में सड़कों की तात्कालिक मरम्मत के साथ-साथ स्थायी बहाली के कार्यों को गति देने के लिए शेष बजट जारी होना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में सड़कें लोगों की आवाजाही और रोजमर्रा की जरूरतों का प्रमुख माध्यम हैं। ऐसे में बजट जारी होने में हो रही देरी का असर सड़क बहाली के कार्यों पर पड़ रहा है। अब देखना होगा कि शेष राशि कब तक जारी होती है और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के काम में कितनी तेजी आती है।
