Home जनसरोकार HRTC बस में बिना टिकट सफर करना पड़ेगा महंगा! यात्री को 500 रुपये जुर्माना, कंडक्टर ने टिकट नहीं दिया तो मिलेगा 5 गुना इनाम

HRTC बस में बिना टिकट सफर करना पड़ेगा महंगा! यात्री को 500 रुपये जुर्माना, कंडक्टर ने टिकट नहीं दिया तो मिलेगा 5 गुना इनाम

by Dainik Janvarta
0 comment

हिमाचल: HRTC बस में टिकट नहीं लिया तो लगेगा 500 रुपये जुर्माना, कंडक्टर ने टिकट नहीं दिया तो यात्री को मिलेगा 5 गुना इनाम

शिमला। बस में किराया देना ही काफी नहीं, टिकट लेना और उसे संभालकर रखना भी जरूरी है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने बसों में टिकट वितरण में पारदर्शिता लाने और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए नियम सख्त कर दिए हैं। नई संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत बिना वैध टिकट सफर करते पकड़े जाने पर यात्री को 500 रुपये जुर्माना भरना पड़ सकता है। वहीं, किराया लेने के बावजूद कंडक्टर टिकट जारी नहीं करता है, तो शिकायत सही पाए जाने पर यात्री को टिकट की कीमत का पांच गुना इनाम मिलेगा।

नई व्यवस्था के अनुसार, बस में सफर के दौरान यात्री के पास वैध टिकट होना अनिवार्य रहेगा। यदि किसी यात्री ने किराया तो दे दिया, लेकिन टिकट नहीं लिया या टिकट गुम हो गया और जांच के दौरान वह वैध टिकट प्रस्तुत नहीं कर पाया, तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है। ऐसे में यात्रियों को किराया देने के तुरंत बाद टिकट लेना और यात्रा पूरी होने तक उसे सुरक्षित रखना होगा।

टिकट नहीं देने वाले कंडक्टर की शिकायत पर मिलेगा पांच गुना इनाम

HRTC ने टिकट वितरण व्यवस्था में जवाबदेही तय करने के लिए यात्रियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। यदि कोई कंडक्टर किराया वसूलने के बाद यात्री को टिकट नहीं देता है, तो यात्री इसकी शिकायत कर सकता है। जांच में शिकायत सही साबित होने पर संबंधित यात्री को टिकट की कीमत का पांच गुना इनाम दिया जाएगा।

इस प्रावधान का उद्देश्य टिकटों की बिक्री में होने वाली अनियमितताओं पर अंकुश लगाना और यात्रियों के हितों की रक्षा करना है। निगम ने स्पष्ट किया है कि टिकट जारी करने में लापरवाही या जानबूझकर गड़बड़ी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

5 से 12 साल के बच्चों के टिकट को लेकर भी नियम स्पष्ट

संशोधित SOP में बच्चों की यात्रा और टिकट संबंधी नियमों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई है। पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों के आधे टिकट या मुफ्त यात्रा की पात्रता जांचने के लिए कंडक्टर आयु प्रमाण मांग सकता है। यदि यात्री उम्र का संतोषजनक प्रमाण उपलब्ध नहीं करवाता है, तो बच्चे का पूरा टिकट काटा जाएगा।

हालांकि, अभिभावक की घोषणा के आधार पर आधा टिकट जारी किए जाने के बाद जांच में बच्चा पात्र नहीं पाया जाता है, तो इसे सीधे बिना टिकट यात्रा का मामला नहीं माना जाएगा। ऐसे मामलों में बच्चे की फोटो और संबंधित दस्तावेज लेकर आगे की जांच के लिए यूनिट अधिकारी को भेजा जाएगा।

टिकट में गड़बड़ी करने वाले कंडक्टरों पर होगी कार्रवाई

निगम ने टिकट वितरण में होने वाली विभिन्न अनियमितताओं को गंभीरता से लिया है। संशोधित नियमों के तहत यात्री को टिकट जारी न करना, किराये से कम राशि का टिकट देना या पुराना टिकट थमाने जैसे मामलों में संबंधित कंडक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह प्रावधान नियमित और अनुबंध आधार पर कार्यरत दोनों श्रेणियों के कर्मचारियों पर लागू होगा।

हेल्पलाइन नंबर 1100 पर कर सकेंगे शिकायत

HRTC के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने बताया कि बसों में बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने और टिकट वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से संशोधित SOP लागू की गई है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि किराया देने के बाद टिकट अवश्य प्राप्त करें।

यदि कोई कंडक्टर किराया लेने के बावजूद टिकट जारी नहीं करता है, तो यात्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर इसकी शिकायत कर सकते हैं। निगम का कहना है कि नई व्यवस्था से टिकट प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.